बीजिंग। चीन के सुपरस्टार शटलर लिन डैन ने इंटरनेशनल करियर को अलविदा कह दिया है. दो बार के ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता और पांच बार के वल्र्ड चैंपियन बैडमिंटन खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर अपने संन्यास की घोषणा की. सुपर डैन के नाम से मशहूर दुनिया के दिग्गज बैडमिंटन खिलाडिय़ों में शुमार लिन डैन का 20 साल लंबा शानदार करियर रहा. इस शटलर ने साल 2000 में खेलना शुरू किया था और 2008 तथा 2012 ओलंपिक गेम्स में गोल्ड जीता.
सभी प्रमुख खिताबों पर कब्जा
लिन डैन ने 28 की उम्र तक सुपर ग्रैंडस्लैम पूरा कर लिया था, जिसमें बैडमिंटन की दुनिया के सभी नौ प्रमुख खिताब शामिल हैं. चीन के सोशल मीडिया वीबो पर डैन ने लिखा, 2000 से 2020, 20 साल बाद मुझे अपनी राष्ट्रीय टीम को अलविदा कहना पड़ रहा है. इस बारे में बात करना बड़ा मुश्किल है. उन्होंने ओलंपिक गेम्स, विश्व चैंपियनशिप, बैडमिंटन विश्व कप, थॉमस कप, सुदीरमन कप, सुपर सीरीज मास्टर्स फाइनल, ऑल इंग्लैंड ओपन, एशियन गेम्स और एशियाई चैंपियनशिप में खिताब जीते और यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले और एकमात्र खिलाड़ी बन गए.
हमें पता था कि यह दिन जरूर आएगा. हमारी जिंदगी का सबसे मुश्किल लम्हा. आपने बेहद ही सादगी से करियर को अलविदा कहा. आप किंग थे जहां आप शिद्दत के साथ लड़े. ली चोंग वेई, पूर्व मलेशियन बैडमिंटन खिलाड़ी
मेरा पहला सुपर सीरीज फाइनल चीन में लिन डैन के ही खिलाफ था. यह बेहद यादगार क्षण था, क्योंकि डैन मेरे हमेशा से ही प्रेरणास्त्रोत थे. संन्यास के बाद की जिंदगी के लिए शुभकामनाएं.- किदांबी श्रीकांत, भारतीय शटलर
नंबर गेम
- 2006, 2007, 2009, 2011 और 2013 वल्र्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीते
- 2005 और 2006 में लगातार विश्व कप में गोल्ड मेडल अपने नाम किया
- 2000 में की लिन डैन ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत
- 2008 और 2012 ओलंपिक गेम्स में जीते स्वर्ण पदक
- 05 बार सुदरीमन कप, छह बार थॉमस कप का भी खिताब किया अपने नाम

