भारत और स्विट्जरलैण्ड के सुदृढ़ सम्बन्ध: मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेशभारत और स्विट्जरलैण्ड के सुदृढ़ सम्बन्ध: मुख्यमंत्री

Date:


भारत और स्विट्जरलैण्ड के सुदृढ़ सम्बन्ध: मुख्यमंत्री

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज यहां उनके सरकारी आवास पर भारत मंे स्विट्जरलैण्ड के राजदूत डॉ0 रैल्फ हेकनर ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर स्विट्जरलैण्ड और भारत, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के मध्य सम्बन्धों को और प्रगाढ़ करने के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और स्विट्जरलैण्ड के सुदृढ़ सम्बन्ध हैं। स्विट्जरलैण्ड को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए उन्होंने कहा कि यहां निवेश की असीमित सम्भावनाएं मौजूद हैं। राज्य सरकार द्वारा निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न सेक्टोरल पॉलिसियां निर्धारित की गई हैं। प्रदेश में विदेशों से निवेश को आकर्षित करने के लिए सकारात्मक माहौल स्थापित किया गया है। ‘ईज़ ऑफ डुइंग बिजनेस’ रैंकिंग में उत्तर प्रदेश का पूरे देश में द्वितीय स्थान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 02 अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे स्थापित किए जा रहे हैं। प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र स्थित कुशीनगर में एक अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा विकसित किया जा रहा है। दूसरा अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा-नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट एन0सी0आर0 के जेवर में विकसित किया जा रहा है। इस हवाई अड्डे के विकासकर्ता के रूप में ‘ज्यूरिख एयरपोर्ट इण्टरनेशनल एजी’ को चयनित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस परियोजना के निर्माण के लिए पूरा सहयोग प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन की अपार सम्भावनाएं हैं। राज्य में वाराणसी, अयोध्या, मथुरा, प्रयागराज आदि तीर्थ स्थल हैं। ईको-टूरिज्म की दृष्टि से अनेक रमणीक स्थल, समृद्ध ऐतिहासिक विरासत तथा विविधतापूर्ण संस्कृति पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। प्रयागराज कुम्भ-2019 के सफल आयोजन की देश-विदेश में सराहना की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पूरे देश ने एकजुट होकर कोविड-19 का सफलतापूर्वक सामना किया। कोरोना कालखण्ड में आत्मनिर्भर भारत पैकेज के माध्यम से उद्योग जगत को राहत प्रदान की गई। इसके परिणामस्वरूप इस सेक्टर में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित हुए।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related