वाराणसी: उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय राष्ट्रीय (सुभासपा) अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने असदुद्दीन ओवैसी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के ‘भागीदारी संकल्प मोर्चे’ में शामिल होने के बाद इसमें दलों की संख्या लगातार बढ़ने का दावा करते हुए कहा कि अगले विधान सभा चुनाव में सरकार बनने के बाद ग़रीबों को स्वास्थ्य, समान शिक्षा और बिजली मुफ्त दी जाएगी।
श्री राजभर ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बुनियादी समस्याओं का हल निकालने के बजाय जनता को झूठे एवं लुभावने वादों से गुमराह कर रही है। नये कृषि कानून किसान विरोधी हैं और इससे उनकी स्थिति और खराब होगी। उत्तर प्रदेश के किसान इस बात को समझते हैं तथा 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का अभी से मन बना रहे हैं।

