Site icon Buziness Bytes Hindi

शेयर बाजार ने लगाया गोता, भारी बिकवाली

sensex

नई ऊंचाइयों पर खुलने के बाद भारतीय शेयर बाज़ार ने गोता लगाया है. खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 900 और निफ़्टी 250 अंक नीचे कारोबार कर रहा है. इस पहले शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत हुई है। बुधवार होने के कारण आज निफ्टी बैंक का एक्सपायरी है। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 129 अंक चढ़कर 80,481.36 अंक पर खुला वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 26 अंकों की तेजी के साथ 24,459.85 अंक पर खुला। हालांकि नया शखर बनाने के बाद शेयर बाजार में मुनाफावसूली हावी हो गयी। चढ़ने वाले शेयर पर नजर डालें तो योगी सरकार के एक फैसले के कारण मारुति लगातार दूसरे दिन तेजी में है इसके अलावा ग्रासिम, आइशर मोटर्स, ब्रिटेनिया में तेजी है।

वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में नए रिकॉर्ड स्तर को छूने के बाद प्रमुख शेयर बाजार सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई। एनएसई निफ्टी शुरुआती कारोबार में 24,461.05 अंक के अपने नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया, लेकिन शुरुआती सौदों के बाद 49.6 अंक गिरकर 24,383.60 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। मारुति, अडानी पोर्ट्स, एनटीपीसी और भारती एयरटेल के शेयर लाभ में रहे।

एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई नुकसान में रहा, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग लाभ में रहा। मंगलवार को अमेरिकी बाजार मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.24 प्रतिशत गिरकर 84.46 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को पूंजी बाजार में खरीदार बने रहे और उन्होंने शुद्ध रूप से 314.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Exit mobile version