नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच गाबा के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर भारतीय टीम को जीत के लिये चौथी पारी के आखिरी दिन 328 रनों की दरकार है। ऑस्ट्रेलिया के लिये चौथे दिन स्टीव स्मिथ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 74 गेंदों में 55 रन की पारी खेलकर अपने टेस्ट करियर का 31वां अर्धशतक पूरा किया। स्मिथ के लिये इस सीरीज में शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी लेकिन सिडनी में शतक और अर्धशतक लगाकर उन्होंने रनों के सूखे का अंत किया और गाबा के मैदान पर खेलते हुए दूसरी पारी में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
स्मिथ ने गाबा के मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में 7500 रन के आंकड़े को पार कर लिया और इस आंकड़े को सबसे तेजी से छूने वाले खिलाड़ियों कि लिस्ट में सबसे ऊपर आ गये हैं। स्टीव स्मिथ ने 139 पारियों में 7500 रन पूरे करने का कारनामा किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग के नाम था जिन्होंने 144 पारियों में 7500 रन पूरे किये थे।
वहीं गैरी सोबर्स और कुमार संगाकारा 147 पारियों के साथ इस लिस्ट में चौथे और पांचवे पायदान पर काबिज हैं। वहीं राहुल द्रविड़ ने 148 पारियों में इस आंकड़े को छुआ था। गौरतलब है कि भारतीय टीम ने चौथे दिन तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर की गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया को 294 रनों पर समेटने का काम किया और पहली पारी में मिले 33 रनों की बढ़त की बदौलत भारत को जीत के लिये 328 रनों की दरकार है।

