टी 20 विश्व कप 2022 का पहला दौर ख़त्म हो गया है और सुपर 12 के लिए टीमें अब फाइनल हो चुकी हैं. अब यह पूरी तरह से साफ़ हो चूका है कि अगले दौर में किस ग्रुप में कौन कौन सी टीमें हैं. विश्व कप के पहले राऊंड की अगर बात करें तो बड़े दिलचस्प मुकाबले खेले गए. शुरुआत ही एक बड़े अपसेट से हुई, नामीबिया ने एशिया कप चैम्पियन श्रीलंका को हराकर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया इसके बावजूद भी नामीबिया सुपर 12 के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी. यूएई ने अपना आखरी मैच जीता और फायदा नीदरलैंड को हुआ क्योंकि नामीबिया की हार का उसे फायदा मिला। उधर दूसरे ग्रुप में आखरी मैच तक यह रोमांच बना रहा कि कौन सी टीम आगे बढ़ती है. यहाँ पर शायद टूर्नामेंट का सबसे बड़ा अपसेट हुआ क्योंकि ज़िम्बाब्वे से हारकर दो बार की चैम्पियन वेस्टइंडीज को शर्मसार होकर वर्ल्ड से बाहर होना पड़ा.
बहरहाल श्रीलंका, नीदरलैंड, आयरलैंड और ज़िंबाबवे चार ऐसी टीमें बनी जिनका सुपर 12 मुकाबले में प्रवेश हुआ. श्रीलंका और आयरलैंड सुपर 12 के ग्रुप 1 में पहुंचीं जहाँ उनका मुकाबला अफ़ग़ानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूज़ीलैण्ड के साथ होगा वहीँ आयरलैंड और ज़िम्बाब्वे की टीमें ग्रुप 2 में भारत, पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के साथ मुकाबला करेंगी। एक समय ऐसा लग रहा था कि ग्रुप 2 ग्रुप ऑफ़ डेथ न बन जाए क्योंकि ऐसा लग रहा था कि श्रीलंका ग्रुप A नंबर दो और वेस्टइंडीज ग्रुप B में नंबर एक पर रह सकती हैं मगर ऐसा नहीं हुआ, वेस्टइंडीज तो बाहर ही हो गयी और श्रीलंका ग्रुप A में टॉप पर पहुँच गयी. देखा जाय तो अब सुपर 12 के दोनों ग्रुप काफी संतुलित हो गए हैं.
अब कल सिडनी से सुपर 12 मुकाबलों का आगाज़ होगा, परंपरा के अनुसार पहला मुकाबला मेज़बान देश ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैण्ड के बीच खेला जाएगा और दूसरा मैच अफ़ग़ानिस्तान और इंग्लैंड के बीच पर्थ में खेला जायेगा. इसके बाद 23 अक्टूबर को वह मुकाबला खेला जायेगा जिसका लोगों को बेसब्री से इंतज़ार है. जी हाँ 23 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मेलबोर्न में टक्कर होगी। तो कमर कसकर तैयार हो जाइये क्योंकि फटाफट क्रिकेट का असली संग्राम कल से शुरू होने वाला है.

