आईपीएल 2022 में हार से अपना सफर शुरू करने वाली पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने जीत के साथ लीग का सफर ख़त्म किया मगर सबसे बड़ी बात यह रही कि उसने दिल्ली कैपिटल्स के प्ले ऑफ में जाने की उम्मीदों को चकनाचूर कर दिया। दिल्ली को आगे के सफर के लिए इस मैच में जीत ज़रूरी थी. दिल्ली की इस हार से RCB की बांछें खिल गयीं क्योंकि अब उसका प्ले ऑफ में खेलना पक्का हो गया.
Also Read : IPL 2022 : अभी आईपीएल में जारी रहेगा माही का सफर, कही यह बात
दिल्ली कैपिटल्स के 160 रनों के टारगेट को मुंबई की टीम ने पांच गेंद शेष रहते पांच विकेट खोकर पूरा कर लिया। रोहित शर्मा के एक और खराब प्रदर्शन के बावजूद मुंबई इंडियंस के लिए ओपनर ईशान किशन के अलावा मिडिल आर्डर ने बढ़िया बल्लेबाज़ी की. ईशान किशन ने 35 गेंदों पर 48 रन बनाकर आउट हुए तो डिवाल्ड ब्रेविस और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। तिलक वर्मा ने 17 गेंदों पर 21 रन बनाये, तिलक के बाद टीम डेविड ने लड़ाई को आगे बढ़ाया, इस बीच ब्रेविस 37 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर का शिकार बने।
इस समय मैच दिल्ली की तरफ जाता हुआ लग रहा था लेकिन टिम डेविड ने 11 गेंदों पर 34 रन ठोंककर दिल्ली के सपनों को चकनाचूर कर दिया। हालाँकि डेविड आउट हो गए मगर मुंबई तब तक जीत के करीब पहुँच चुकी थी और दिल्ली प्लेऑफ से दूर. दो ओवरों में दो रन देने वाले खलील अहमद ने बाद की 7 गेंदों में 22 रन लुटा दिए. नॉर्खिया और शार्दुल ठाकुर ने 2-2 विकेट हासिल किये।
इससे पहले दिल्ली की टीम ने सात विकेट पर 159 रनों का स्कोर खड़ा किया था. दिल्ली के लिए सबसे ज़्यादा रन रोमन पॉवेल (43) ने बनाये। कप्तान ऋषभ पंत ने 39 और पृथ्वी शॉ ने 24 रनों की पारी खेली, अक्षर पटेल ने 19 रन बनाये। बुमराह ने तीन और रमनदीप सिंह ने दो विकेट हासिल किये। हालाँकि आईपीएल के लीग राउंड में अभी एक मैच बाक़ी है जो कल SRH और पंजाब किंग्स के बीच खेला जायेगा मगर उस मैच का अब प्ले ऑफ से कोई मतलब नहीं है.
Also Read : IPL 2022 : अंतिम लीग मैच में गरजा कोहली का बल्ला, प्ले ऑफ के लिए RCB अब दुआओं के सहारे
प्ले ऑफ के लिए टीमें फाइनल हो चुकी है, क्वालीफ़ायर 1 में गुजरात का मुकाबला राजस्थान से 24 मई को और एलिमिनेटर के लिए मुकाबला लखनऊ और RCB के बीच 25 मई को खेला जायेगा। दोनों ही मैच कोलकाता में खेले जायेंगे। 27 मई को क्वालीफ़ायर 2 और 29 मई को फाइनल खेला जायेगा, यह दोनों मैच अहमदाबाद में होंगे.

