Site icon Buziness Bytes Hindi

एलजेपी में पड़ी फूट, पांच सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी, बनाएंगे अलग दल


एलजेपी में पड़ी फूट, पांच सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी, बनाएंगे अलग दल

नई दिल्ली: राम विलास पासवान की एलजेपी में फूट पड़ गई है. पांच सांसद चिराग पासवान से नाराज हैं और उनकी तरफ से लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को एक चिट्ठी भी लिखी गई है. मांग की गई है कि अब उन्हें अलग मान्यता दी जाए. जिन पांच सांसदो ने राम विलास पासवान के बेटे चिराग पासवान के खिलाफ बगावत की है वो हैं- पासुपति पारस पासवान (चाचा),प्रिंस राज (चचेरे भाई), चंदन सिंह, वीणा देवी, और महबूब अली केशर.

पहले से चल रही थीं अटकलें
बताया जा रहा है कि ये सभी सांसद बिहार विधानसभा चुनाव के समय से चिराग़ पासवान से नाराज़ चल रहे थे. ऐसे में एलजेपी में इस फूट की अटकलें तो पहले से लगाई जा रही थीं, इंतजार तो बस उस वक्त का था जब ये सांसद ये बड़ा कदम उठाते और चिराग पासवान को फिर बीच राजनीतिक मझधार में छोड़ देते. अब वो कदम उठा लिया गया है और एलजेपी के सामने बड़ा सियासी संकट खड़ा हो गया है.

जेडीयू में हो सकते हैं शामिल
वैसे भी बिहार विधानसभा चुनाव में एलजेपी ने जब बीजेपी-जेडीयू से अलग होकर चुनाव लड़ने का फैसला किया था, तभी से सीएम नीतीश कुमार और उनके पार्टी के लोग चिराग से नाराज चल रहे थे. चुनाव के नतीजों ने भी साफ कर दिया कि चिराग की पार्टी की वजह से ही कई जगहों पर जेडीयू की सीटें कम पड़ गई. अब इतना सब कुछ होने के बाद अगर एलजेपी के पांच सांसदों ने जेडीयू ज्वाइन कर ली, तो ये चिराग के लिए बड़ी किरकिरी साबित होगी.

अलग दल के रूप में मान्यता मांगी
सूत्र बताते हैं कि इन पांच सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मांग की है कि उन्हें एलजेपी से अलग मान्यता दी जाए. अब अगर ये सच है तो मतलब ये पांच सांसद अब अलग राजनीतिक दिशा में आगे बढ़ने जा रहे हैं और उनका अब अगला हर कदम चिराग के लिए बिहार की राजनीति में मुश्किल खड़ी करने वाला होगा.

Exit mobile version