Site icon Buziness Bytes Hindi

By-election results: उपचुनावों में भाजपा पर भारी पड़ रही है सपा, डिंपल काफी आगे

dimple

एक तरफ गुजरात में भाजपा ने कांग्रेस पार्टी का सूपड़ा साफ़ कर दिया है वहीँ हिमाचल प्रदेश में भाजपा को कांग्रेस पार्टी से हार मिलती हुई दिख रही है. इधर देश में कई लोकसभा और विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के चुनावी नतीजों के रुझान भी सामने आ रहे हैं. रुझानों के मुताबिक उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा, रामपुर और खतौली विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी की साइकिल दौड़ रही है. वहीँ छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर और राजस्थान की सरदार शहर सीट से कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है, जबकि ओडिसा में पदमपुर सीट पर BJD आगे है, सिर्फ बिहार की कुढ़नी सीट से ही बीजेपी आगे है. इस तरह देखा जाय तो उपचुनावों में बीजेपी को झटका लगता दिख रहा है.

डिंपल की जीत लगभग पक्की

मैनपुरी से सपा उम्मीदवार डिंपल यादव की बढ़त लगातार बढ़ती जा रही है और ताज़ा जानकारी के मुताबिक यह 60 हज़ार के ऊपर पहुँच चुकी है. रामपुर के शुरूआती रुझानों में पहले भाजपा को बढ़त मिलती नज़र आयी थी लेकिन बाद में सपा के आसिम रज़ा ने अपनी बढ़त को बनाया है और लगातार बनाये हुए हैं वहीँ खतौली विधानसभा सीट से सपा की सहयोगी रालोद ने बढ़त बनाई हुई है. समाजवादी पार्टी के लिए यह उपचुनाव उनकी नाक का सवाल था और अभी तक ऐसा लग रहा है कि समाजवादी पार्टी की मेहनत ने रंग दिखाया है. भाजपा ने रामपुर और मैनपुरी में काफी ज़ोर लगाया था लेकिन लगता है उसमें उसे नाकामी मिलती दिखाई दे रही है.

उपचुनावों में नहीं चला भाजपा का जादू

भाजपा के लिए सिर्फ बिहार की कुढ़नी सीट ही मिलती दिख रही है जिसपर वो एकबार फिर जेडीयू का हराती हुई नज़र आ रही है. छत्तीसगढ़ और राजस्थान की दोनों विधानसभा सीटों को बरकरार करती दिखाई दे रही है. वहीँ ओडिसा में बीजू जनता दल में लोगों का भरोसा कायम है.

Exit mobile version