लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर समाजवादी पार्टी ने एक बड़ा कदम बढ़ाया है. इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे से पहले सपा ने पार्टी के 16 उम्मीदवारों की घोषणा कर डाली। इस घोषणा के तहत समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की धर्मपत्नी डिंपल यादव मैनपुरी से चुनाव लड़ेंगी. डिम्पल इस समय मैनपुरी से ही सांसद हैं जो उन्होंने अपने ससुर नेता जी यानि मुलायम सिंह के मरने के बाद जीती थी. समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवारों की लिस्ट अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी की. इस लिस्ट के मुताबिक डिंपल के अलावा संभल सीट से शफीकुर्रहमान बर्क, फिरोजाबाद से अक्षय यादव, एटा से देवेश शाक्य, बदायूं से धर्मेंद्र यादव, खीरी से उत्कर्ष वर्मा, धौरहरा से आनंद भदौरिया और उन्नाव से अनु टंडन को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रविदास मेहरोत्रा भाजपा के मौजूदा सांसद और संभावित उम्मीदवार को टक्कर देंगे। फर्रुखाबाद से डॉ. नवल किशोर शाक्य, अकबरपुर से राजा राम पाल, बाँदा से शिवशंकर सिंह पटेल, फैज़ाबाद से अवधेश प्रसाद, मुख्यमंत्री योगी के गृह जनपद गोरखपुर से काजल निषाद, आंबेडकर नगर से लालजी वर्मा और बस्ती से राम प्रसाद चौधरी को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
समाजवादी पार्टी ने ये सूची ऐसे समय में जारी की है जब कांग्रेस के साथ सीट के बंटवारे को लेकर अभी कोई फाइनल बात नहीं हुई है और न ही कोई औचारिक घोषणा हुई है। पिछले दिनों सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ये जानकारी ज़रूर दी गयी थी कि समाजवादी पार्टी सहयोगी कांग्रेस के साथ 11 उम्मीदवारों के साथ भाजपा को उत्तर प्रदेश में हराने के लिए आगे बढ़ रही है। अखिलेश के उस बयान पर भी कांग्रेस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी थी. माना जा रहा है कि अखिलेश यादव और कांग्रेस के बीच सीटों की बात फाइनल हो चुकी है। आज बिहार में राहुल गाँधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान पूर्णिया में आयोजित महागठबंधन की रैली में अखिलेश यादव ने भी राहुल गाँधी के साथ मंच शेयर किया। सपा का रालोद के साथ सीट शेयरिंग की बात पहले ही फाइनल हो चुकी है, जिसके तहत रालोद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सात सीटों पर चुनाव लड़ेगी।