Site icon Buziness Bytes Hindi

योगी की इनस्विंगर और आउटस्विंगर के आगे टिक नहीं पाएगी सपा, बसपा और कांग्रेस


योगी की इनस्विंगर और आउटस्विंगर के आगे टिक नहीं पाएगी सपा, बसपा और कांग्रेस

झांसी। शानदार बल्लेबाजी करने वाले ऑलराउंडर खिलाड़ी सीएम योगी जब गेंदबाजी के लिए उतरते हैं तो अपराधियों की दिलों की धड़कन में बढ़ जाती हैं। अपराधियों की विकेट उखाड़ने वाले योगी की शानदार इनस्विंगर और आउटस्विंगर गेंदबाजी के आगे समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस टिक नहीं पाएगी।

Read also: सीएम योगी ने जेवर में विस्थापितों के लिए 3,301 करोड़ रुपये आवंटित किए

यह कहना है रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का जो आज जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ करने के लिए झांसी पहुंचे थे। ना बुआ चाहिए ना बबुआ, हमें केवल बाबा चाहिए का नारा देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा जनता की आंखों में धूल झोंक कर राजनीति नहीं करती बल्कि जनता की आंख में आंख डालकर राजनीति करती हैै। यूपी में 84 में से 83 योगासन कर रहा विकास का एक आसन हमने समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ दिया है जो शीर्षासन है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि मंदिर की बात करने पर वह हम पर उंगलियां उठाते हैं, ट्विटर पर हमारा मजाक उड़ाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने लोगों से पूछा कि जिन्होंने अयोध्या में राम भक्तों पर गोली चलाई थी क्या आप उनसे बदला नहीं लेंगे? एक बार पहले भी आप वोट के माध्यम से उन्हें शिकस्त दे चुके हैं लेकिन इस बार 325 नहीं संख्या और बढ़ानी है।

रक्षा मंत्री ने कहा की एक समय राजीव गांधी ने भी कहा था कि हम दिल्ली से 100 पैसे भेजते हैं तो लोगों के हाथों में 15 पैसा ही पहुंचता है। लेकिन आज 56 इंच चैड़े सीने वाले प्रधानमंत्री 100 पैसे भेजते हैं तो 100 पैसा ही लोगों तक पहुंचता है। सपा सरकार पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि महोबा में अर्जुन बांध परियोजना का लोकार्पण 2021 में हुआ है। जबकि 2014 में मोदी ने परियोजना का लोकार्पण करने के लिए कहा था लेकिन तत्कालीन सपा की सरकार ने काम नहीं होने दिया। प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद ही यह परियोजना पूरी हो पाई। बुंदेलखंड को प्यासा रखने वाली समाजवादी पार्टी को उनके किए की सजा मिलनी चाहिए।

Read also: पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने श्रीलंकाई व्यक्ति की पीटकर हत्या को जायज ठहराया

रक्षा मंत्री ने कहा कि जाने-अनजाने में हमसे भी गलती हो सकती है लेकिन हमारी नीयत और ईमान पर कोई सवालिया निशान नहीं लगा सकता। उन्होंने जनता से कहा कि प्राण जाए पर वचन न जाई यह भाजपा का संकल्प है और पार्टी जो कहेगी वह करके दिखाएगी। जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाना, राम मंदिर का शिलान्यास, सोमनाथ मंदिर-काशी विश्वनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार कराने का काम भाजपा ने अपने वादे अनुसार किया है।

Exit mobile version