केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा के नामांकन दाखिल करने के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उनके साथ रहेंगे। चुनावी मैदान में पहली बार उतरने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा 23 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे कलपेट्टा में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस अवसर पर खड़गे, सोनिया और राहुल के अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रमुख राष्ट्रीय और राज्य पार्टी नेता भी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक नामांकन से पहले राहुल गाँधी और प्रियंका वाड्रा सुबह 11 बजे कलपेट्टा न्यू बस स्टैंड से रोड शो का नेतृत्व करेंगे। राहुल के सांसद के रूप में इस्तीफे के बाद वायनाड संसदीय उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। उल्लेखनीय है कि जून में कांग्रेस प्रमुख ने घोषणा की थी कि राहुल गाँधी रायबरेली लोकसभा सीट अपने पास रखेंगे और वायनाड निर्वाचन क्षेत्र खाली कर देंगे। बाद में उन्होंने वायनाड सीट से सांसद के तौर पर इस्तीफा दे दिया। लोकसभा चुनाव में वे दोनों संसदीय सीटों से जीते थे। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेताओं ने भरोसा जताया है कि प्रियंका वाड्रा वायनाड से जीतेंगे।
भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, वायनाड संसदीय क्षेत्र के लिए मतदान 13 नवंबर को होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। नामांकन की जांच 28 अक्टूबर को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है। मतगणना 23 नवंबर को महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के साथ होगी।
