भारतीय जनता पार्टी नेत्री और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट का गोवा में दिल का दौरा पड़ने की वजह से निधन हो गया. 42 वर्षीय सोनाली फोगाट ने 2019 में हरियाणा चुनाव में बीजेपी की टिकट पर आदमपुर से विधानसभा का चुनाव लड़ा था मगर उन्हें नाकामी मिली थी. वहीँ सोनाली फोगाट की बहन ने उनकी मौत को साजिश बताते हुए कहा कि सोनाली फोगाट ने सोमवार सुबह को मां से बात की थी.फोन पर सोनाली ने मां से कहा था कि ऐसा लग रहा है कि मेरे खिलाफ कोई साजिश हो रही है.
कहा जा रहा है कि मौत के वक्त सोनाली बीजेपी के नेताओं के साथ गोवा में थीं. सोनाली फोगाट बिग बॉस-14 का हिस्सा भी रही है जिसमें उन्होंने अपने निजी जीवन को लेकर कई खुलासे किए थे. शो के दौरान उन्होंने एक शख्श के बारे में कहा था जो उनके जीवन में उनके पति की मौत के बाद बड़ा बदलाव लेकर आया था. हालाँकि उन्होंने उस शख्श का नाम नहीं उजागर किया.
Read also: BJP MLA T Raja Singh: अब राजा सिंह ने पैगम्बर मोहम्मद पर दिया आपत्तिजनक बयान, हैदराबाद में हंगामा
जानकारी के मुताबिक सोनाली फोगाट को बेचैनी की शिकायत के बाद अंजुना ज़िले के सेंट एंथोनी अस्पताल में लाया गया था. डीजीपी जसपाल सिंह ने बताया कि सोनाली फोगाट अंजुना में एक रेस्टोरेंट में थीं तभी उन्हें बेचैनी की शिकायत हुई. DGP के मुताबिक यह एक मेडिकल एमरजेंसी का केस है इसमें कोई भी गड़बड़ी नजर नहीं आ रही है.
DGP ने बताया कि सोनाली के शरीर पर किसी तरह का कोई चोट का निशान नहीं मिला है. पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल जाएगा. सोनाली को जब अस्पताल ले जाया गया तब वो मर चुकी थीं. सोनाली ने 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में आदमपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था जहाँ उन्हें कांग्रेस के कुलदीप बिश्नोई के हाथों हार मिली थी.
