Site icon Buziness Bytes Hindi

Kedarnath Dham Yatra : केदारनाथ धाम में अब तक 28 श्रद्धालुओं की मौत,आज ​दो की तबियत बिगड़ने से हुई मृत्यु

रूद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की मौत का सिलसिला नहीं रूक रहा है। जिस कारण से सरकारी व्यवस्था को अब विपक्ष निशाना बनाने लगा है। आज भी बाबा केदारनाथ धाम में दो श्रद्धालुओं की अचानक तबियत बिगड़ने से मौत हो गई। बता दें कि अब तक केदारनाथ धाम में 28 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। इससे सरकार की ओर से उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं पर विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने आरोप लगाने शुरू कर दिए है।

Also Read : Hemkund Sahib In Uttarakhand : दो साल आज खुले हेमकुंड साहिब के कपाट,पवित्र सरोवर में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

वहीं श्रद्धालुओं की हो रही मौत को रोकने में नाकाम धामी सरकार का कहना है कि यह मौसम के कारण श्रद्धालुओं की अचानक खराब हो रही तबियत के कारण हो रहा है। जबकि सभी श्रद्धालुओं को चार धाम यात्रा शुरू करने से पहले स्वास्थ्य संबंधी हिदायतें दी जाती है।

आज केदारनाथ धाम में दो श्रद्धालुओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उनको सीएचसी ले जाया गया। लेकिन वहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक श्रद्धालु की मौत गौरीकुंड में पैर फिसलने से हुई।

सीएमओ डा. बीके शुक्ला ने बताया कि आज रविवार को केदारनाथ धाम में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इनमें प्रीति सिंह व्रजधाम, रामबाग लेन, एसवी रोड़, बोरीवली महाराष्ट्र और दूसरे 71 वर्षीय किरीट ए. त्रिवेदी निवासी मुंबई है। उन्होंने बताया कि अचानक तबीयत खराब होने पर दोनों को केदारनाथ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। अब तक केदारनाथ धाम यात्रा पर आए 28 श्रद्धालुगणों की मौत हो चुकी है। केदारनाथ धाम में हो रही श्रद्धालुओं की मौत के बाद अब यहां पर कई जगहों पर चिकित्‍सकों की तैनाती की गई है।

Also Read : Snowfall in Kedarnath Dham : केदारनाथ धाम में बर्फबारी, कई जिलों में बारिश और आसमान में बादल

खासकर जहां पर चढ़ाई का रास्ता है और लोगों को परेशानी आ सकती है। सीएमओ डा. बीके शुक्ला ने बताया कि किसी श्रद्धालु का स्वास्थ्य खराब होने पर उसको तत्काल स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग से लेकर केदारनाथ धाम तक चिकित्‍सकों की तैनाती है। जिनके द्वारा ओपीडी के माध्यम से श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया जा रहा है।

Exit mobile version