Site icon Buziness Bytes Hindi

केप टाउन में सिराज का कहर, 55 रनों पर सिमट गयी SA की पारी

siraj

सेंचुरियन टेस्ट में जब टीम इंडिया की पारी और 32 रनों से हार हुई थी तो बड़ी फ़ज़ीहत हुई थी, खासकर गेंदबाज़ों पर उंगलियां उठाई गयी थीं कि जिस पिच पर मज़बूत भारतीय बैटिंग लाइनअप कुछ नहीं कर पाई उसी पर साऊथ अफ्रीका ने 408 का स्कोर कैसे खड़ा कर दिया। इसे भारतीय तेज़ गेंदबाज़ों की नाकामी बताया गया. कप्तान रोहित शर्मा ने खुद स्वीकारा कि ये पिच 408 वाली नहीं थी, उन्होंने माना था कि गेंदबाज़ों ने सही जगह पर गेंदबाज़ी नहीं की. रोहित ने कहा था कि सिर्फ एक गेंदबाज़ पर सारा बोझ नहीं डाला जा सकता, बाकी तीन गेंदबाज़ों को भी साथ देना होगा , रोहित का इशारा मोहम्मद सिराज, प्रसिद्द कृष्णा और शार्दुल ठाकुर की तरफ था. केपटाउन में शार्दुल नहीं खेल रहे हैं लेकिन मोहम्मद सिराज ने दिखा दिया कि उनपर ऊँगली उठाना शायद जल्दबाज़ी थी।

सिराज ने आज एकबार फिर कातिलाना अंदाज़ में गेंदबाज़ी की और जबतक साउथ अफ़्रीकी टीम कुछ समझती उसके 6 विकेट 34 रनों पर उड़ चुके थे. सिराज और बुमराह की जोड़ी ने मेज़बान टीम के पहले चार विकेट 15 रनों में ढेर कर दिए जिसमें तीन विकेट सिराज ने आउट किये, सिराज इसके बाद भी नहीं रुके और तीन विकेट और चटकाकर विकटों का छक्का पूरा किया। बाद का काम बुमराह और मुकेश कुमार ने पूरा कर दिया जिन्हें आज शार्दुल ठाकुर की जगह खिलाया गया। प्रसिद्द कृष्णा खाली हाथ रहे जबकि जडेजा की गेंदबाज़ी का नंबर ही नहीं आया. साउथ अफ्रीका की पूरी टीम मात्र 55 रनों पर ढेर हो गयी। मोहम्मद सिराज ने 9 ओवर गेंदबाज़ी की और मात्र 15 रन देकर 6 विकेट हासिल किये।

दक्षिण अफ्रीका का ये सबसे लोवेस्ट टेस्ट स्कोर है , इसी के साथ किसी भी टीम का भारत के विरुद्ध भी ये सबसे कम स्कोर है. साउथ अफ्रीका में बेस्ट गेंदबाज़ी में सिराज का प्रदर्शन तीसरे नंबर है. टॉप पर शार्दुल ठाकुर हैं जिन्होंने पिछले साल जोहान्सबर्ग में 61 रन देकर सात विकेट हासिल किये थे, इसके बाद हरभजन सिंह है जिन्होंने 2011 में इसी मैदान पर 120 रन देकर सात विकेट हासिल किये थे.

Exit mobile version