Site icon Buziness Bytes Hindi

साहब, शराब बहुत पीते हैं, हमें थाने में बंद कर दो


साहब, शराब बहुत पीते हैं, हमें थाने में बंद कर दो

न्यूज डेस्क। शराब की लत कई बार पीने वाले को भी इंतहा परेशान कर देती है। लाख कोशिश के बावजूद वह शराब छोड़ नहीं पाता। लोग शराब की लत से छुटकारा पाने के लिये तमाम तरह के उपाय अपनाते हैं। लेकिन एक शख्स ने शराब छोड़ने का अनूठा तरीका सोचा और 112 नंबर पर पुलिस को काॅल कर उनसे थाने में रखने की गुहार लगायी।

खुद को अपराधी मानने वाले इस शख्स का कहना था कि 10-12 दिन थाने में बंद रहेगा तो शराब पीने को नहीं मिलेगी और उसकी लत छुट जायेगी। शराबी और पुलिसकर्मियों की बातचीत का वीडियो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सूचना सलाहकार और भारतीय जनता पार्टी (उत्तर प्रदेश) के प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने ट्वीट किया जो वायरल हो गया है। चेहरे से अभिनेता नवाजुद्दीन की झलक दिखने वाले शख्स के बारे में शलभ मणि त्रिपाठी ने लिखा की मिलिए @Nawazuddin_S के देसी संस्करण से ???? @112 सदैव आपकी सेवा में तत्पर।

शराब के नशे में चूर एक शख्स ने तीन बार पुलिस को फोन कर दिया। दौड़ी-दौड़ी पुलिस उस तक पहुंची तो उसकी बातें सुनकर हैरत में पड़ गयी। झूमते हुए शराबी पुलिस से गुहार लगाने लगा कि वह अपराधी है, अपराध किया है। पुलिस के अपराध के बारे में पूछने पर बोला की अपराध कुछ नहीं किया, बस मदिरा का सेवन करते हैँ। थाने में चले जाएंगे वहां तो छूट जाएगी, दस बारह दिन रहेंगे। वहां वहां पीने को नहीं मिलेगी, वहां अधिकारी रहते हैं। पुलिसकर्मियों के नशा मुक्ति केंद्र पर जाने से इंकार करते हुए उस शख्स का कहना था कि नहीं, वहां नहीं, थाने में ले चलो। वहां पीने को ही नहीं मिलेगी तो छूट जाएगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सूचना सलाहकार और भारतीय जनता पार्टी (उत्तर प्रदेश) के प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी द्वारा पुलिस और शराबी व्यक्ति की बातचीत का वीडियो ट्वीट किये जाने के बाद वायरल हो गया। लोग इस वीडियो को देखकर हंस भी रहे हैं और शराब छुड़ाने के इस तरीके को लेकर चर्चा भी कर रहे हैं।

Exit mobile version