Site icon Buziness Bytes Hindi

सिद्धू बोले, पाकिस्तान के साथ शुरू करें व्यापार


सिद्धू बोले, पाकिस्तान के साथ शुरू करें व्यापार

अमृतसर। पहले पाकिस्तान के जनरल बाजवा को गले मिलकर और फिर पाकिस्तान के पीएम इमरान खान को अपना भाई बताकर विवादों का शिकार हुए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने अब पाकिस्तान के साथ व्यापार फिर से शुरू करने की मांग की है। पहले से ही पाकिस्तान प्रेम को लेकर विपक्षी दलों के निशाने पर रहे सिद्धू का यह बयान पंजाब विधानसभा चुनाव की बेला में कांग्रेस को परेशानी में जरूर डालेगा।

Read also: केबल टीवी कारोबार में अमरिंदर की बादल से मिलीभगत : सिद्धू

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का कहना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापार जल्द ही शुरू किया जाना चाहिए। अमृतसर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सिद्धू ने कहा कि पहले की तरह मैं फिर से भारत-पाक के बीच व्यापार शुरू करने का आग्रह करना चाह रहा हूं। नवजोत का कहना है कि पाकिस्तान बार्डर बंद होने से सभी का नुकसान हो रहा है। बार्डर खोले जाने से कई देशों के व्यापार के रास्ते भी खुल जायेंगे जिससे व्यापार में मदद मिलेगी। सिद्धू ने कहा की भारत-पाक व्यापार 37 बिलियन अमेरिकी डाॅलर था लेकिन आज हम केवल 3 बिलियन डाॅलर का ही व्यापार कर पा रहे हैं।

भारत-पाक बाॅर्डर बंद होने से पंजाब को पिछले 34 महीनों में लगभग 4 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। व्यापार बंद हो जाने से 15,000 लोगों की नौकरियां चली गईं। सिद्धू ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव में रोजगार सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा। उन्होंने थोड़े समय में ही लोगों को एक विजन देने की गारंटी दी है।

Read also: एमएसपी खत्म करने की केंद्र की भयावह योजना है: सिद्धू

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की बात तार्किक रूप से सही हो सकती हैं मगर पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व पाकिस्तान प्रेम का प्रर्दशन पंजाब कांग्रेस को भारी पड़ सकता है। गौरतलब है कि पंजाब में पाकिस्तान जनित आतंकवाद बड़ा मुद्दा है। ऐसे में पाकिस्तान से व्यापारिक संबंध शुरू करने की बात पर मतदाताओं की दूरी कांग्रेस से बढ़ सकती है। गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और भाजपा नवजोत के पाकिस्तान प्रेम को लेकर कांग्रेस को मुश्किल में डालते रहे हैं। ऐसे में यह नया बयान सिद्धू के साथ पार्टी के लिये भी मुश्किलें पैदा कर सकता है।

Exit mobile version