उत्तर प्रदेश I समाजवादी पार्टी के जसवंतनगर सीट से विधायक शिवपाल यादव ने आज विधानसभा के सदन में ही अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोल दिया। सपा विधायकों के साथ बैठकर ही शिवपाल ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी ने उनका साथ लिया होता तो आज स्थिति बदली हुई होती, हम वहां बैठे हुए होते और भाजपा यहाँ पर बैठी हुई होती।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह अखिलेश यादव पर अबतक का सबसे बड़ा हमला कहा जा रहा है, यहीं नहीं शिवपाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ईमानदार सीएम बताते हुए जमकर तारीफ की, शिवपाल की इस तारीफ पर भाजपा विधायकों ने जमकर मेज़ें पीटीं। उस वक्त विपक्ष के सदस्य अपने को ठगा सा महसूस करते हुए नज़र आये. शिवपाल के आज के इस हमले पर अखिलेश का क्या रिएक्शन रहा यह अभी सामने नहीं आया है. लेकिन लोगों का मानना है कि शिवपाल चाहते हैं कि अखिलेश उन्हें दल से निकालें ताकि उनकी विधायकी बची रहे.
शिवपाल ने कहा कि चुनाव से पहले मैंने अपनी पार्टी प्रस्पा के सौ प्रत्याशियों का एलान भी कर दिया था और समाजवादी पार्टी से भी गठबंधन के लिए 100 सीटें मांगी थीं, अगर मेरी बात मान ली गयी होती तो प्रदेश में आज समाजवादी पार्टी की सरकार होती और भाजपा विपक्ष में बैठी होती। शिवपाल ने योगी आदित्यनाथ की तारीफ़ के साथ उनको सलाह भी दी कि लाभार्थियों को वोट बैंक न बनाए, ज़्यादा मुफ्त अनाज देकर उनको आलसी बनाना प्रदेश के भविष्य के लिए ठीक नहीं।
Also Read : Nakul Dubey Joins Congress: प्रियंका से मुलाकात कर नकुल दुबे हुए कांग्रेस में शामिल
उन्होंने जनप्रतिनिधियों के ख़त्म हो रहे सम्मान की भी बात उठाई, सपा विधायक ने कहा कि थाने में किसी भी जनप्रतिनिधि को सम्मान नहीं मिलता, यहाँ तक की सत्ता पक्ष के लोगों को भी. अधिकारी विधायकों के फोन काल तक नहीं उठाते। क्षेत्र की जनता अपने जनप्रतिनिधि के पास अपनी फ़रियाद लेकर जाती है, जनप्रतिनिधि किसके पास फ़रियाद लेकर जाय क्योंकि सरकार ने तो पुलिस और नौकरशाहों को छूट दे रखी है.
