इंटरनेशनल डेस्क – जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या करने वाले शख्स को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। आरोपी ने अपना जुर्म पहले ही कबूल कर लिया था। आरोपी का नाम तेत्सुया यामागामी है और उसकी उम्र 45 साल है।
यह हमला जुलाई 2022 में जापान के नारा शहर में हुआ था। शिंजो आबे चुनाव प्रचार के दौरान भाषण दे रहे थे, तभी यामागामी ने पीछे से उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद शिंजो आबे की हालत बहुत गंभीर हो गई और उन्हें कार्डियक अरेस्ट भी हुआ। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके।
हमले के बाद पुलिस ने आरोपी यामागामी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में उसने बताया था कि वह शिंजो आबे की नीतियों से नाराज था और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया।
नारा डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए अभियोजकों की मांग को मान लिया और आरोपी को उम्रभर की जेल की सजा दे दी।
जब शिंजो आबे पर हमला हुआ था, उस समय उनकी उम्र 67 साल थी। उनका जन्म 1954 में हुआ था और उनका परिवार भी राजनीति से जुड़ा रहा है। उनके पिता शिंतारो आबे जापान के विदेश मंत्री थे और उनके दादा नोबुसुके किशी भी जापान के प्रधानमंत्री रह चुके थे।
शिंजो आबे 2006 में पहली बार जापान के प्रधानमंत्री बने थे और उस समय वह सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री थे। बाद में उन्होंने 2012 से 2020 तक लंबे समय तक देश की कमान संभाली। स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने 2020 में पद छोड़ दिया था।
उनकी हत्या की घटना ने जापान ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया था।

