डायरेक्टर ने जताई उन्हें अपनी फिल्म में कास्ट करने की ख्ख्वाहिश
बॉलिवुड और क्रिकेट का नाता बहुत पुराना है, क्रिकेटर्स और बॉलीवुड अभिनेत्रियों के रिश्ते हों, या फिर क्रिकेट खिलाड़ियों का ऐक्टिंग फील्ड में आना, हर दौर में फिल्मी दुनिया और क्रिकेट खिलाड़ियों का कनेक्शन नजर आता है-
न्यूज डेस्क: फिल्मी दुनिया के साथ क्रिकेट का नाता आज का नहीं बल्कि काफी पुराना है। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी नवाब पटौदी और शर्मीला टायगोर की प्रेम कहानी तो आज भी सुर्खियों में रहती है। अजहरउद्दीन और संगीता बिजलानी की मोहब्बत और फिर शादी, एक वक्त में चर्चा में थी। विराट कोहली और अनुष्का की लव स्टोरी तो आए दिन लोगों की तारीफ बटोरती है। इन सितारों ने ना केवल मोहब्बत और शादी की मंजिलें तय की हैं, मैदान पर बैट और बॉल से खेलने वाले खिलाड़ियों ने फिल्मी परदे पर ऐक्टिंग में भी हाथ आजमाया है। सुनील गवास्कर से लेकर शिखर धवन, तक ने मैदान से बाहर निकलकर फिल्मी परदे पर पारी खेली है। कुल मिलाकर हर दौर में क्रिकेट और फिल्मी दुनिया का नाता मजबूती से जुड़ा नजर आता है। हाल ही में पद्म भूषण से सम्मानित डायरेक्टर शेखर कपूर ने मैदान के एक युवा चमकते हुए खिलाड़ी को फिल्मों में लेने की ख्वाहिश जाहिर की है। यह क्रिकेट खिलाड़ी और कोई नहीं बल्कि वैभव सूर्यवंशी हैं।
दरअस्ल शेखकर कपूर इन दिनों अपनी आइकॉनिक फिल्म ‘मासूम: द न्यू जेनरेशन’ पर काम कर रहे हैं, जो साल 1983 में आई उनकी क्लासिक फिल्म ‘मासूम’ का ही सीक्वल है। खबरों की मानें तो इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, मनोज बाजपेयी, नित्या मेनन और कावेरी कपूर जैसे दमदार कलाकार नजर आने वाले हैं। इसी बीच, क्रिकेट के मैदान पर अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबको हैरान करने वाले टीनएज सनसनी वैभव सूर्यवंशी की मासूमियत ने शेखर कपूर का दिल जीत लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वैभव की तारीफ करते हुए एक बड़ा बयान दिया है। शेखर कपूर का मानना है कि अगर वैभव क्रिकेट की दुनिया में इस कदर तहलका नहीं मचा रहे होते, तो वह उन्हें अपनी अगली फिल्म ‘मासूम’ में एक अहम किरदार के लिए … जरूर कास्ट करते। फिल्ममेकर इस युवा खिलाड़ी के चेहरे पर दिखने वाले सीधेपन और मासूमियत से इस कदर प्रभावित हुए कि उन्हें लगा कि अगर क्रिकेट ने वैभव को पहले ही अपना स्टार … नहीं बनाया होता, तो वह उनकी फिल्म की भावुक और संवेदनशील दुनिया के लिए बिल्कुल परफेक्ट चॉइस होते।
एक्टिंग के साथ होस्टिंग और रियलिटी शो भी
शिखर धवन एक ऐसे क्रिकेटर हैं जिन्होंने सोनाक्षी सिन्हा और हुमा कुरैशी स्टारर फिल्म ‘डबल एक्सल’ में काम करने के साथ शो भी होस्ट किया है। वहीं भारतीय पूर्व क्रिकेटर और जामनगर की रॉयल फैमिली के प्रिंस अजय जड़ेजा भी अपना एक्टिंग टैलेंट दिखा चुके हैं। उन्होंने सुनील शेट्टी की फिल्म ‘खेल’ में काम किया था, उससे पहले वह कलर्स के शो ‘झलक दिखला जा’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ चुके हैं। इरफान पठान ने भी टीवी रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ में आने से पहले ‘कोबरा’ नाम की एक फिल्म में काम किया था।
नसीरुद्दीन शाह के साथ स्क्रीन शेयर की
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर जितने अच्छे क्रिकेटर हैं उतने ही अच्छे वह एक्टर भी हैं। गवास्कर ने एक्टिंग के करियर की शुरुआत मराठी फिल्म सावली प्रेमाची से की थी। इसके अलावा वह नसीरुद्दीन शाह के साथ मालामाल में भी नजर आए थे। वहीं भारत के पूर्व मिडिल ऑर्डर लेफ्ट हेंडेड बैट्समैन विनोद कांबली एक नहीं, बल्कि कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। वह अनर्थ और पल-पल दिल के पास जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। भारतीय टीम के धुआंधार बॉलर हरभजन सिंह न सिर्फ एक बेहतरीन क्रिकेटर हैं, बल्कि एक्टिंग की दुनिया में भी उन्होंने लोहा मनवाया है। उन्होंने सलमान खान और अक्षय कुमार की फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में डेब्यू किया था, लेकिन उनका सफर यही नहीं थमा। इसके बाद सेकंड हैंड हसबैंड में दिखें। तमिल फिल्म ‘फ्रेंडशिप’ में तो उन्होंने फुल फ्लेज रोल किया था।
