मंडी। हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी कहे जाने वाले मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में आज शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विजय संकल्प रैली के माध्यम से चुनावी शंखनाद करेंगे। पीएम मोदी की इस रैली के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए एसपीजी, सेना, पुलिस, डॉग स्क्वायड के अलावा बम निरोधक दस्ते जमीन से लेकर आसमान तक निगरानी करेंगे।
इसके अलावा रैली स्थल पड्डल के आसपास रिहायशी इलाकों की बड़ी इमारतों की छतों पर शार्प शूटर तैनात कर दिए गए हैं। किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए क्यूआरटी भी तैनात रहेगी। प्रदेश पुलिस के 1600 और होमगार्ड के 200 जवान सुरक्षा और ट्रैफिक का जिम्मा संभालेंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई में आयोजित होने वाली विजय संकल्प रैली में आज एक लाख से अधिक लोगों के आने की उम्मीद भाजपा ने जताई है। रैली के दौरान सुबह 5ः00 बजे से रात 10ः00 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहन मंडी शहर में प्रवेश नहीं करेंगे। आपातकालीन वाहन और एंबुलेंस पर यह पाबंदी नहीं होगी। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने जानकारी दी है कि रैली के चार घंटे पहले और दो घंटे बाद तक किसी प्रकार के ड्रोन या फ्लाइंग ऑब्जेक्ट की फ्लाइट प्रतिबंध रहेगी।
पीएम मोदी की रैली भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आयोजित की जा रही है। पड्डल में पीएम नरेंद्र मोदी की रैली में स्टेज के आसपास 150 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर शहर और इसके आसपास पांच ड्रोन कैमरों की सहायता से भी निगरानी रखी जाएगी। रैली में बड़े बैग,स्मार्ट वॉच, लेडी पर्स, हैंड बैग, गाड़ी की चाबी, पैक बैग, फूड आइटम, फ्लैग रॉड, छाता, टोपी और छड़ी लाने पर पाबंदी रहेगी। इसके अलावा पानी की बोतल रैली स्थल पर नहीं ले जा सकेंगे।
