Site icon Buziness Bytes Hindi

शामी को है उम्मीद, धोनी करेंगे टीम में वापसी


शामी को है उम्मीद, धोनी  करेंगे टीम में वापसी

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे महेंद्र सिंह धोनी वापसी कर पाएंगे या नहीं, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है। लेकिन साथी खिलाड़ी उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को उम्मीद है कि धोनी टीम में वापसी करेंगे और फिर सबको खेलने में उतना ही ज्यादा मजा आएगा। शमी ने धोनी को याद करते हुए बताया कि खिलाड़ी उन्हें काफी मिस कर रहे हैं। शमी ने बताया कि किस तरह से एम एस धोनी सबके साथ बैठकर खाना खाते थे और देर रात तक सबसे बात किया करते थे। शमी ने ये भी बताया कि किस तरह से धोनी खिलाड़ियों को गाइड करते हैं।

मोहम्मद शमी ने कहा कि मैंने आईपीएल को छोड़कर हर फॉर्मेट में धोनी की कप्तानी में खेला है। जहां तक खिलाड़ियों को गाइड करने की बात है, तो वो हमेशा ही अपने साथी खिलाड़ियों को इस तरह से समझाते हैं कि ऐसा लगेगा ही नहीं कि वो एम एस धोनी हैं। शमी ने आगे कहा कि एम एस धोनी काफी बड़े खिलाड़ी हैं। उनके साथ मेरी काफी यादें जुड़ी हुई हैं। अब भी हम सोचते हैं कि माही भाई आएंगे और फिर खेलने में उतना ही मजा आएगा।

शमी ने कहा कि एक चीज जो मुझे एम एस धोनी के बारे में पसंद है, वो ये है कि वो सबके साथ बैठकर डिनर करना पसंद करते थे। उनके साथ हमेशा दो या चार लोग होते थे। हम लोग देर रात तक बातें किया करते थे और ये चीजें हम सब काफी मिस करते हैं।

पिछले साल 9 जुलाई 2019 को धोनी ने आखिरी वनडे मैच खेला था। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी विश्व कप का सेमीफाइनल था जिसमें टीम को हार मिली थी। इस मैच में धोनी ने 72 गेंदों में 50 रन बनाए तो उनकी धीमी पारी की जमकर आलोचना हुई। हार का कारण उन्हें माना जाने लगा। इसके बाद धोनी ने फिर टीम के लिए कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला। यहां तक कि संन्यास को लेकर भी अटकलें तेज रहीं, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने संन्यास की अटकलों पर विराम लगाते कहा था कि धोनी के पास अभी भी आईपीएल के जरिए वापसी करने का माैका है और वह टी20 विश्व कप का हिस्सा बन सकते हैं। ऐसे में अब आईपीएल टूर्नामेंट का होना बेहद जरूरी है। यही वो एकमात्र रास्ता है जो धोनी की टीम में वापसी करवाते हुए टी20 विश्व कप का टिकट भी दिला सकता है।

Exit mobile version