Site icon Buziness Bytes Hindi

पूर्व विधायक के कोल्ड स्टोरेज में हुए धमाके में अब तक सात के मरने की सूचना

boiler explosion

मेरठ। बसपा से पूर्व विधायक रहे चंद्रवीर सिंह का दौराला क्षेत्र में जनशक्ति कोल्ड स्टोरेज है। आज दोपहर कोल्ड स्टोरेज में लिंटर डाला जा रहा था। इसी दौरान अचानक से धमाका हुआ और अचानक लिंटर की शटरिंग गिर गई। जिसमें पूरा मलबा नीचे मजदूरों के ऊपर आ गिरा। सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। मलबे में दबे मजदूरों को निकालने का काम शुरू किया गया।

मिली सूचना के अनुसार अभी तक 7 मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो चुकी है। जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। जेसीबी मशीन से मलबा हटाकर नीचे दबे लोगों को निकालने का काम जारी है। इस घटना के बारे में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बयान दिया है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के मुताबिक अभी तक मरने वालों की संख्या 5 बताई जा रही है।

हादसे के बाद पूर्व विधायक चंद्रवीर की तबीयत खराब

कोल्ड स्टोर स्वामी पूर्व विधायक चंद्रवीर सिंह की बेटी मनीषा अहलावत ने बताया कि कोल्ड स्टोर पर कर्मचारियों ने काम शुरू किया था। कोल्ड स्टोर हादसे के बाद चंद्रवीर की तबीयत खराब हो गई है। जिससे वे मौके पर पहुंच नहीं पा रहे हैं।

सूचना मिलने पर घटनास्थल पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण और केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान पहुंचे। डा. संजीव बालियान ने घटनास्थल पर मौजूद मजदूरों से बातचीत की और घटना के बारे में जानकारी ली है। मलबे से सभी लोगों को निकालकर अस्पताल भेजा जा चुका है। रेस्क्यू जारी है।

Exit mobile version