लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP election 2022) में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने वाले राष्ट्रीय लोकदल को आज बड़ा झटका लगा है। 21 मार्च को विधायक दल की बैठक होने से पहले शनिवार को आरएलडी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद ने अपना इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी के मुखिया जयंत चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आरएलडी (RLD) के प्रदेश अध्यक्ष और यूपी की राजनीति के बड़े चेहरे डॉ. मसूद अहमद ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी को भेजे गए पत्र में उन्होंने विधानसभा चुनाव में टिकट बेचने के साथ दलितों और अल्पसंख्यकों की उपेक्षा का आरोप लगाया। डॉ. मसूद ने आरोप लगाते हुए कहा कि गठबंधन जीता हुआ विधानसभा चुनाव अपनी गलतियों से हारा। उन्होंने कहा, चुनाव में गठबंधन में शामिल नेताओं की कोई मदद नहीं ली गई। और न ही उनका कोई उपयोग हुआ।
प्रत्याशियों के चयन पर भी उठाया सवाल
बता दें कि इससे पूर्व जयंत चौधरी (Jayant Chaudhary) की ओर से कई इकाइयों को भंग कर दिया गया था। सपा के साथ गठबंधन में रालोद ने 33 सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिला, जिसमें से आठ सीटों पर उसे जीत हासिल हुई थी। गढ़ माने जाने वाले बागपत में सिर्फ छपरौली सीट से ही उसे संतोष करना पड़ा था। डॉ. मसूद अहम का आरोप है कि उम्मीदवारों के चयन से नाराज पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भीतरघात से पार्टी को 33 में से सिर्फ आठ सीट मिलीं।

