प्रयागराज। जिले में एक निजी अस्पताल में डेंगू के मरीज को प्लेटलेटस की जगह मौसमी का जूस चढ़ा दिया। जिससे मरीज की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। मामले को प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संज्ञान में लिया और सीएमको अस्पताल सील करने को कहा। मामला झलवा स्थित ग्लोबल अस्पताल एंड ट्रामा सेंटर का है। जहां पर प्लेटलेट्स चढ़ाने के दो दिन बाद मरीज की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि प्लेटलेट्स के नाम पर मौसमी का जूस चढ़ा दिया। दूसरी तरफ अस्पताल प्रशासन ने कहा कि आरोप गलत हैं। मरीज को 16 अक्तूबर को रेफर कर दिया गया था। रेफर करने के दो दिन बाद मरीज की मौत हुई है।
बमरौली के प्रदीप पांडे को डेंगू के चलते 14 अक्तूबर को ग्लोबल हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में भर्ती किया था। 16 अक्तूबर को उसकी प्लेटलेट्स 17 हजार पहुंचने पर डॉक्टरों ने पांच यूनिट प्लेटलेटस का इंतजाम करने को कहा। तीन यूनिट प्लेटलेट्स चढ़ाने के बाद मरीज की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद 17 अक्तूबर की सुबह मरीज को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। जहां 19 अक्तूबर को उसकी मौत गई। प्रदीप के साले सौरभ त्रिपाठी ने जार्जटाउन में मामले की शिकायत की। उनका कहना है कि अस्पताल के कुछ लोगों ने उन्हें पांच हजार रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से प्लेटलेट्स दी थी। प्लेटलेट्स के बैग पर एसआरएन अस्पताल का टैग लगा है।
सौरभ ने आरोप लगाया कि अस्पताल में प्लेटलेट्स की जगह मौसमी का जूस चढ़ा दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कुछ देर में मामला डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक तक पहुंच गया। डिप्टी सीएम ने सीएमओ डॉ. नानक सरन को कार्रवाई के आदेश दिए। सीएमओ ने अस्पताल को सील करते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। बची हुई प्लेटलेट्स ड्रग विभाग की लैब में जांच के लिए भेजी है।

