मेरठ। आज शिवरात्रि के मौके पर मंगलवार को पश्चिमी उप्र के सभी शिवालयों में सुबह से शिवभक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों में पहुंच रहे हैं। मंदिरों के बाहर सुबह से ही शिवभक्तों और कांवड़ियों की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। हरिद्वार से जल लेकर लौटे कांवड़िए भी जलाभिषेक के लिए लाइन में लगे हुए हैं। मंदिरों में जलाभिषेक के दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। बागपत श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर व मेरठ में बाबा औघड़नाथ मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिव को जलार्पण करने के लिए पहुंच रहे हैं। बागपत में शिवरात्रि पर पुरा गांव स्थित श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पर आज मंगलवार सुबह चार बजे से कांवड़ियों व शिव भक्त श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। मंदिर में भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया जा रहा है। इससे पहले सोमवार की रात को मन्दिर में कांवड़ियों की काफी भीड़ जमा हो गई थी।
Read also: Aaj Ka Panchang 26 July 2022: आज शाम से चतुर्दशी आद्र्रा नक्षत्र योग,प्रणव जाप से मिलता है अक्षत फल
लेकिन जलाभिषेक जारी होने से पूरी व्यवस्था ठीक रही। आज सुबह भीड़ का दबाव बढ़ने पर कुछ जगहों पर बेरिकेडिंग टूट गई। इस पर प्रशासन ने नई बेरिकेडिंग लगवाई। मंदिर परिसर हर हर महादेव के जयकारों से गुंज रहे हैं। हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर आए कावंड़िये कतार में लगकर महादेव को जलाभिषेक कर रहे हैं। मंदिर के बाहर तीन किमी लंबी लाइन लगी हुई है। पुलिस प्रशासनिक अधिकारी के अलावा पुलिस बल व मंदिर समिति मिलकर व्यवस्था में लगे हैं। आज मंगलवार शाम को 6.48 बजे झंडा रोहण पूजन किया जाएगा। इसके बाद मुख्य जलाभिषेक भी शुरू होगा। मुजफ्फरनगर में सुबह से शिवालयों के बाहर भीड़ है। भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी है। मंदिर हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे हैं। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर मनोकामना मांगी।

