Site icon Buziness Bytes Hindi

सराफ की हत्या कर दस लाख नकद और 5 किलो चांदी लूटी


सराफ की हत्या कर दस लाख नकद और 5 किलो चांदी लूटी

मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बदमाशों के हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं। बेखौफ बदमाशों ने आज मेरठ में एक सराफ को दिन-दहाड़े गोली मारकर उससे 10 लाख नकद और 5 किलो चांदी लूट ली। सराफ को उपचार के लिये आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी मृत्यु हो गयी। पुलिस मोटरसाइकिल सवार बदमाशों की तलाश में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार सेक्टर दो में सराफा कारोबारी अमन जैन की भागमल ज्वेलर्स के नाम से ज्वेलरी शोरूम है। आज दोपहर 1 बजे उनके पिता सतीश जैन दुकान पर बैठे हुए थे कि अचानक 7-8 बदमाश दुकान में घुस आये।

दुकान के अंदर आते ही उन्होंने सतीश जैन को पिस्टल की नोंक पर आतंकित करते हुए उनसे गल्ले की चाबी मांगी। तभी वहां पहुंचे अमन जैन ने एक बदमाश को पकड़ लिया। हाथापाई होते देख एक बदमाश ने अमन जैन को गोली मार दी। कनपटी से सटा कर गोली मारे जाने से अमन जैन वहीं गिर पड़े। बदमाश दुकान से नकदी और ज्वेलरी लेकर अपनी मोटरसाइकिलों पर बैठ भाग निकले। बताया जा रहा है कि बदमाश दस लाख नकद और 5 किलो चांदी लूटकर ले गये हैं।

वारदात के बाद मचा शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने अमन जैन को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। मगर गंभीर स्थिति में अस्पताल लाये गये अमन जैन ने दम तोड़ दिया। सराफा कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या और लूट से आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस वारदात का जल्द खुलासा और हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि जागृति विहार के सेक्टर दो इलाके में ग्राहकों की काफी भीड़ रहती है। ऐसे में बदमाशों का बेखौफ होकर लूट करना और विरोध करने पर हत्या कर देना पुलिस के रसातल में जा रहेे रसूख को दर्शाता है। इस वारदात से सराफा कारोबारियों में दहशत का माहौल है। वहीं आक्रोशित व्यापारियों ने जागृति विहार का बाजार बंद करने का ऐलान कर दिया है। बदमाशों के गिरफ्तार न होने पर व्यापारियों ने बुधवार को पूरे शास्त्रीनगर के बाजार को बंद रखने की बात कही है

Exit mobile version