हरियाणवी डांसर और ‘बिग बॉस’ फेम सपना चौधरी की शादीशुदा जिंदगी को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। सपना ने अपने पति वीर साहू पर मारपीट और घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं। इसके बाद उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिस पर द्वारका महिला कोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत प्रदान की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपना चौधरी अपने बच्चों के साथ घर छोड़ने के बाद अदालत पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति कई बार उनके साथ मारपीट कर चुके हैं और सार्वजनिक जगहों पर भी हंगामा करते रहे हैं।
इस मामले में महिला अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना चौधरी से किसी भी तरह का संपर्क करने से रोक दिया है। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया है कि वह उनके घर या कार्यस्थल के आसपास न जाएं और किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा से दूर रहें।
सपना की ओर से पेश वकील ने अदालत में कहा कि यदि तुरंत राहत नहीं दी गई तो उनकी सुरक्षा, प्रतिष्ठा और पेशेवर जीवन पर बुरा असर पड़ सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि सपना की एक फिल्म का प्रीमियर होने वाला है और ऐसे में किसी भी तरह की बाधा उनके काम को प्रभावित कर सकती है।
अदालत ने याचिका, हलफनामे, कथित चोटों की तस्वीरों और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों को देखने के बाद शुरुआती तौर पर अंतरिम राहत देने का फैसला किया। साथ ही प्रोटेक्शन ऑफिसर और स्थानीय पुलिस को आदेश दिया गया है कि वे कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें और जरूरत पड़ने पर सपना को सुरक्षा मुहैया कराएं।
मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को होगी।
बता दें कि सपना चौधरी और वीर साहू ने साल 2020 में कोर्ट मैरिज की थी। शादी से पहले दोनों करीब चार साल तक एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। इस दंपति के दो बेटे हैं। बड़े बेटे पोरस का जन्म 2020 में हुआ था, जबकि 2024 में उनके दूसरे बेटे शाहबीर का जन्म हुआ।
सपना चौधरी ‘बिग बॉस 11’ समेत कई लोकप्रिय रियलिटी शोज का हिस्सा रह चुकी हैं।
