Site icon Buziness Bytes Hindi

सल्ट उपचुनावः दांव पर लगी दिग्गजों की साख


सल्ट उपचुनावः दांव पर लगी दिग्गजों की साख

देहरादून। सल्ट विधानसभा 17 अप्रैल को होने वाला उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस के लिये प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। दोनों की प्रमुख पार्टियां इस उपचुनाव में एक-दूसरेे को पटखनी देने के लिये हर दांव चलने को तैयार है। सल्ट सीट पर भाजपा ने दिवंगत विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के बड़े भाई महेश जीना को प्रत्याशी घोषित किया है। गौरतलब है कि सल्ट सीट विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के निधन के बाद खाली हुई थी। ऐसे में उनके बड़े भाई महेश जीना को प्रत्याशी घोषित कर भाजपा ने सहानुभुति कार्ड खेलने की कोशिश की है। वहीं कांग्रेस ने गंगा पंचोली को प्रत्याशी बनाया है जो 2017 के विधानसभा चुनाव में मोदी लहर के बाजवूद बेहद कम अंतर से चुनाव हारी थीं।

सल्ट सीट पर होने वाला उपचुनाव मात्र एक सीट का उपचुनाव नहीं है बल्कि इससे भाजपा और कांग्रेस की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हो रहा यह उपचुनाव दोनों ही पार्टियों के लिये महत्वपूर्ण है। 2022 के विधानसभा चुनावों का लिटमस टेस्ट माना जा रहा यह उपचुनाव उत्तराखंड के नवनियुक्त सीएम की परीक्षा भी है। इस सीट पर यदि भाजपा जीती तो तीरथ सिंह रावत के विरोधियों के मुंह बंद हो जायेंगे। लेकिन यदि भाजपा यह सीट हार गयी तो यह संगठन के लिये बेहद चिंता का कारण होगा। गौरतलब है कि सीएम तीरथ सिंह रावत को भी सीएम बने रहने के लिये उपचुनाव लड़ना है। यदि सल्ट सीट पर हार मिली तो आने वाला समय उनके लिये मुश्किलों भरा होगा।

वहीं सल्ट सीट पर दमदार विरोधी की भूमिका में रही कांग्रेस इस उपचुनाव को जीतकर भाजपा को पटखनी देने का पूरा प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि वर्तमान प्रत्याशी गंगा पंचोली को 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अंतिम समय में टिकट दिया था। इसके बावजूद गंगा पंचोली ने भाजपा प्रत्याशी को कड़ी टक्कर दी थी। गंगा पंचाली तभी से क्षेत्र में सक्रिय हैं और लोगोें में उनकी अच्छी उठ-बैठ है। ऐसे में मतदाताओं के लिये वह नयीं नहीं हैं और जनता का विश्वास उनको इस चुनाव में जीत भी दिला सकता है। वहीं सल्ट विधानसभा सीट में कुल 95,240 मतदाताओं में 48,682 पुरुष और 46,559 महिला मतदाता हैं। ऐसे में आधी आबादी का समर्थन महिला होने के कारण गंगा पंचोली को मिल सकता है।

सोनिया से लेकर राहुल गांधी तक करेंगे प्रचार
सल्ट विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस कितनी गंभीर है यह उनके स्टार प्रचारकों की लिस्ट बता रही है। इस लिस्ट में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पूर्व पीएम डाॅ. मनमोहन सिंह, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल का नाम शामिल है। वहीं स्थानीय नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रभारी देवेंद्र यादव, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा ह्दयेश, पूर्व सीएम हरीश रावत, सहप्रभारी राजेश धर्माणी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, गोविंद सिंह कुंजवाल, महेंद्र सिंह माहरा, सांसद प्रदीप टम्टा, महेंद्र सिंह पाल, विधायक दल के उपनेता करन माहरा, काजी निजामुद्दीन, सुरेंद्र सिंह नेगी, रणजीत सिंह रावत, राजेंद्र भंडारी, मदन सिंह बिष्ट, प्रकाश जोशी, आदेश चैहान, मनीष खंडूडी, हरीश धामी, सरिता आर्य, मनोज तिवारी, मनोज रावत, एससी विभाग के अध्यक्ष राजकुमार और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर जैसे बडे़ नाम शामिल हैं।

Exit mobile version