काला हिरण शिकार मामले में सलमान खान आज सुनवाई के लिए पेश नहीं हुए। कोर्ट ने अभिनेता की हाजिरी माफी स्वीकार कर ली है। इसके साथ ही अगली तारीख 6 फरवरी रखी गई है। सलमान खान ने कोरोना महामारी की वजह से हाजिरी के माफी की अपील की थी। अब 6 फरवरी को सभी अपीलों पर सुनवाई होगी और इस दौरान आरोपी सलमान खान को कोर्ट में हाजिर होना होगा।
कोरोना के दौर में उन्हें नौ महीने में यह सातवीं बार रियायत दी गई है। अब अगली सुनवाई 6 फरवरी को होगी। काला हिरण शिकार केस में 5 अप्रैल 2018 में ट्रायल कोर्ट ने सलमान को दोषी करार देते हुए पांच साल कैद की सजा सुनाई थी। उन्होंने इसे जिला अदालत में चुनौती दी है।
गौरतलब है कि इस मामले में अन्य आरोपी एक्टर सैफ अली खान, नीलम, तब्बू और सोनाली बेन्द्रे को बरी कर दिया गया था। सलमान को व्यक्तिगत रूप से हाजिर होकर 437ए के मुचलके पेश करने हैं, लेकिन वे 16 बार हाजिरी माफी का लाभ ले चुके हैं।

