Site icon Buziness Bytes Hindi

Rupee Fall Impact: रुपये में एक साल में सात फीसदी की गिरावट, 80 रुपये प्रति डॉलर स्तर पर पहुंचा

नई दिल्ली। आज मंगलवार को रुपया पहली बार 80 रुपये प्रति डॉलर के आंकड़े को पार कर गया। रुपये  में ये गिरावट एक साल में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट बताई जा रही है। एक साल में रुपया सात प्रतिशत तक गिर गया है। रुपये में गिरावट का असर बाजार पर भी देखने को मिला। सोमवार के कारोबारी दिन की तुलना में आज मंगलवार को 79.9775 से गिरकर आज बाजार में रुपया 80.0175 रुपये प्रति डॉलर ट्रेड कर रहा है। बाजार जानकारों के मुताबिक रुपया आज मंगलवार को दिन में 79.85 से 80.15 के बीच कारोबार कर सकता है। 

बता दें कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा था कि रुपये की कीमत में दिसंबर 2014 के बाद से अब तक डॉलर की तुलना में 25 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।  वित्तमंत्री ने कहा था कि हाल के दिनों में रुपये की गिरावट का बड़ा कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और रूस यूक्रेन का युद्ध है।  वित्तमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले कुछ दिनों से भारतीय रुपया की तुलना में जापानी येन,ब्रिटिश पाउंड और यूरो, डॉलर के मुकाबले अधिक कमजोर हुए हैं। भारतीय रुपया इन देशों की मुद्रा की तुलना में अधिक मजबूत है।  बाजार जानकारों के अनुसार कुछ महीनों में दुनिया भर के निवेशक यूरोप के बाजार में मंदी की आशंका के चलते अमेरिकी बाजार में निवेश कर रहे हैं। यही कारण है कि डॉलर लगातार दूसरे देश की तुलना में अधिक मजबूत हो रहा है। अमेरिका में बढ़ती महंगाई के कारण वहां के निवेशक बाहरी देशों से अपना निवेश घटाकर घरेलू बाजार में लगा रहे हैं। इससे डॉलर और मजबूत हो रहा है। 

Read also: Uttar Pradesh Road Accident: भीषण सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत,22 से अधिक घायल

बाजार जानकारों के अनुसार कुछ दिनों तक रुपए पर दबाव बना रहने की संभावना है। लेकिन देश के पास काफी अच्छा फॉरेक्स रिजर्व (575 मिलियन डॉलर) है। जिसके बल पर रिजर्व बैंक स्थिति को संभालने में इस समय पूरी तरह से सक्षम है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही आरबीआई इस मामले में अपना दखल देगा।

Exit mobile version