Site icon Buziness Bytes Hindi

Navratri 2022: नवरात्रि पर देवी की मूर्ति स्थापित करना रूबी आसिफ को पड़ा भारी,कटटरपंथियों ने घर के बाहर लगाए पोस्टर

अलीगढ़। रूबी आसिफ खान को भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित करना और नवरात्रि के व्रत रखना भारी पड़ गया है। कट्टरपंथियों ने उनके घर के बाहर विवादित पोस्टर लगाए हैं। जिनमें रूबी आसिफ खान को जिंदा जलाने की धमकी दी गई है। मामला जिले के महबूूदनगर का है। जहां की रहने वाली रूबी आसिफ खान को कट्टरपंथियों ने जिंदा फूंक देने की धमकी दी। रूबी आसिफ खान का कसूर सिर्फ इतना है कि वह हिंदुओं के त्योहारों को मनाती हैं। नवरात्रि के मौके पर मां दुर्गा की मूर्ती रूबी अपने घर में स्थापित करती है। पिछले दिनों गणेश मूर्ति घर में स्थापित करने को लेकर रूबी आसिफ खान के खिलाफ मौलवियों ने फतवे जारी किए थे। जिसको लेकर काफी चर्चा में रही थीं। इससे पहले रूबी आसिफ खान पर हिंदू देवी देवताओं की पूजा को लेकर जानलेवा हमले हो चुके हैं। 

अब फिर रूबी आसिफ खान अपने घर में मां दुर्गा की मूर्ती स्थापित करने को लेकर चर्चा में है। हिंदू देवी-देवताओं के प्रति रूबी खान का यह प्रेम कट्टरपंथियों को रास नहीं आ रहा। रूबी खान भाजपा महिला मोर्चा में जय गंज मंडल की उपाध्यक्ष और आरएसएस के मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की जिला संयोजक भी हैं।  रूबी आसिफ खान के घर के बाहर लगे पोस्टर में लिखा है कि रूबी आसिफ खान काफिर बन गई। पूजा, हवन करती है, वंदे मातरम कहती है, इसे इस्लाम से खारिज कर दो। पोस्टरों पर परिवार को जिंदा जलाने की धमकी के साथ आगे लिखा है कि हम सच्चे मुसलमान जमात उल इस्लाम नारे तकबीर अल्लाह हू अकबर। रूबी आसिफ खान ने बताया कि सुबह पड़ोसियों ने घर के बाहर पोस्टर लगे होने की जानकारी दी है। मैं चाहती हूं ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई होनी चाहिए जो माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। अलीगढ़ सीओ प्रथम अशोक कुमार ने बताया कि रूबी आसिफ खान द्वारा तहरीर थाने में दी गई थी। जिसमें बताया गया था कि उनके घर पर धमकी भरे पोस्टर चस्पा किए गए है। जिसके बाद पुलिस ने समुचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version