स्टॉकहोम। यूईएफए नेशंस लीग के एक मुकाबले में पुर्तगाल ने स्वीडन को 2-0 से हरा दिया. पुर्तगाल की इस जीत के हीरो रहे क्रिस्टियानो रोनाल्डो. पुर्तगाल के लिए दोनों गोल रोनाल्डो ने ही किए और वह इसके साथ 100 इंटरनेशनल गोल करने वाले दुनिया के दूसरे फुटबॉलर बन गए हैं. रोनाल्डो से पहले ईरान के अली देई 109 इंटरनेशनल गोल कर चुके हैं.
दमदार वापसी
नेशंस लीग के शुरुआती मैच में पैर की चोट के कारण रोनाल्डो नहीं खेल सके थे. चोट से उबरे रोनाल्डो ने इस मैच के साथ दमदार वापसी की है और पुर्तगाल भी इस जीत के साथ नेशंस लीग में अपने ग्रुप में 6 प्वाइंट्स के साथ टॉप पर पहुंच गई है.
रोनाल्डो ने दिलाई बढ़त
मैच की शुरुआत में पुर्तगाल ने कई बार गोल को स्वीडन के खेमे में पहुंचाकर गोल करने की कोशिश की. लेकिन मजबूत डिफेंस के चलते वह कामयाब नहीं हो सकी. हाफटाइम से कुछ देर पहले ही मैच के 45वें मिनट में फ्री किक के जरिए रोनाल्डो ने पुर्तगाल को पहली सफलता दिलाई और गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया. दूसरे हाफ में फिर से स्वीडन ने वापसी की कोशिश की. लेकिन वह पुर्तगाल के डिफेंस को भेद न सका. इसी बीच मैच के 73वें मिनट में एक और गोल दागकर पुर्तगाल की जीत सुनिश्चित कर दी. यह गोल मैच का आखिरी गोल रहा और स्वीडन को हार का सामना करना पड़ा.
मैं 100 गोल करने की उपलब्धि को छूने में सफल रहा और अब मैं रिकॉर्ड (109) के लिए तैयार हूं. यह कदम दर कदम है. मैं जुनूनी नहीं हूं क्योंकि मेरा मानना है कि रिकॉर्ड स्वाभाविक तरीके से आते हैं.
क्रिस्टियानो रोनाल्डो
नंबर गेम
109 इंटरनेशनल गोल के साथ अली देई टॉप पर हैं.
2 नंबर की पोजीशन पर हैं रोनाल्डो 101 गोल के साथ.
86 गोल के साथ मलेशिया के मोख्तार दहारी तीसरी पोजीशन पर हैं.
70 इंटरनेशनल गोल मेसी के हैं और वह 15वीं पोजीशन पर हैं.

