लखनऊ: Ukraine-Russia War| यूक्रेन से रोमानिया पहुंचे भारतीय छात्रों (Indian students) को लेने पहुंचे एविएशन मिनिस्टर के संबोधन पर रोमानिया के मेयर ने सख्त ऐतराज जताया। गुरुवार को इसका विडियो वायरल हुआ। इसमें मेयर को कहते हुए सुना जा रहा है कि, आप केवल अपनी बात करें और यह बताएं कि ये लोग कब जाएंगे। हमने इनके खाने और ठहरने का इंतजाम किया है, न कि आपने। इस वायरल विडियो को लेकर तमाम कांग्रेस नेताओं ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को ट्रोल किया है। कांग्रेस की यूथ विंग के अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यह विडियो साझा करते हुए लिखा है, जब रोमानिया के मेयर को यह याद दिलाना पड़ा कि बच्चों के खाने और रहने का बंदोबस्त हमने किया है, आपने नहीं… आप अपनी बात कीजिए।
Read also- यूक्रेन से निकाले गए भारतीय नागरिक पालतू कुत्ते भी साथ लाए
यूक्रेन में फंसे भारतीय विद्यार्थियों को वापस लाने के लिए भारत ने ऑपरेशन गंगा शुरू किया है। इसके तहत भारत के सभी विद्यार्थियों और नागरिकों को यूक्रेन से वापस लाना है। विद्यार्थियों को पहले ही निर्देशित किया जा चुका है कि वे यूक्रेन की सीमाओं से सटे देश की तरफ बढ़ें और वहां से उन्हें वापस भारत लाया जाएगा। आरोप हैं कि सरकार भारतीय विद्यार्थियों को वापस लाने के इस प्रयास को अपने पक्ष में भुनाना चाहती है, इसी वजह से मंत्रियों को इन विद्यार्थियों को वापस लाने को भेजा गया है। तमाम जगहों पर इन विद्यार्थियों को केंद्र सरकार के प्रयासों के बारे में बताया जा रहा है और इसके विडियो भी साझा हो रहे हैं। इस बीच यह विडियो आया है। सूत्रों के मुताबिक ज्योतिरादित्य सिंधिया विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रशंसा कर रहे थे तब ही रोमानिया के मेयर ने उन्हें यह कहते हुए रोका कि आप केवल अपनी बात करें। बताएं कि आप इन्हें कब ले जाएंगे। हमने इनके लिए भोजन और ठहरने का इंतजाम किया है। आपने नहीं।
सूत्र बताते हैं कि रोमानिया के मेयर इस बात से खफा थे कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारतीय विद्यार्थियों के सामने दिए जा रहे संबोधन में रोमानिया द्वारा की गई भारतीयों की सहायता के लिए उन्हें धन्यवाद तक नहीं दिया। उन्हें भारत तक लाने में केंद्र सरकार कोई कसर नहीं उठा रही है और उन्हें वापस लेकर जाएगी। विडियो के अंत में दिख रहा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया कह रहे हैं कि शेल्टर में हर एक व्यक्ति को बारी-बारी से लेकर जाया जाएगा।

