Site icon Buziness Bytes Hindi

रोहित बोले, टीम इंडिया ने खुद को कभी अजेय नहीं समझा

rohit sharma

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा भी बड़े मस्त मौला आदमी हैं, खुलकर बोलते हैं. एकबार वो फिर खुलकर बोले और ऐसा बोले कि लोग उनकी बात सुनकर चौंक पड़े. पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि कहा जा रहा है कि टीम इंडिया को घरेलू मैदानों पर हराना नामुमकिन है, इस पर रोहित ने कहा नहीं ऐसी बात नहीं है, भारतीय टीम को भी हराया जा सकता है. रोहित शर्मा भारत और इंग्लैंड के बीच हैदराबाद में कल से शुरू होनी वाली पांच मैचों की टेस्ट श्रंखला के पहले मैच से पहले बोल रहे थे.

दरअसल रोहित शर्मा से पूछा गया कि टीम इंडिया को घर पर हराना लगभग नामुमकिन है तो रोहित शर्मा ने इस बात से असहमति जताई. रोहित शर्मा ने कहा कि टीम इंडिया ने खुद को कभी अजेय नहीं माना, इंग्लैंड की टीम अगर अच्छा खेल दिखाती है तो ज़रूर जीत सकती है, रोहित ने कहा कि इंग्लैंड की टीम भारत के खिलाफ ऐसा कर चुकी है. रोहित ने कहा कि हम इंग्लैंड को कतई कमज़ोर नहीं समझ सकते, हमें उनसे जीतने के लिए अपना बेस्ट देना होगा. उनका खेलने का स्टाइल ऐसा है जो किसी भी टीम को परेशानी में डाल सकता है.

पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम ने अपने 11 खिलाडियों के नामों का एलान कर दिया है, 690 विकेट लेने वाले जेम्स एंडरसन पहले टेस्ट का हिस्सा नहीं बन पाए हैं. इंग्लैंड ने 3 स्पिनर्स के साथ मैच में उतरने का फैसला किया है, मुख्य तेज़ गेंदबाज़ के रूप में एकमात्र गेंदबाज़ मार्क वुड टीम में शामिल हैं, नई गेंद से उनका साथ बेन स्टोक्स निभा सकते हैं. वहीँ भारत ने अभी अपनी फाइनल इलेविन घोषित नहीं की है, बता दें कि पहले दो टेस्ट मैचों में टीम को विराट कोहली की सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं, अब देखना होगा कि कल से शुरू होने वाले टेस्ट में भारत की तरफ नंबर चार पर कौन बल्लेबाज़ी करेगा. कल भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड़ ने संकेत दे दिया था कि पिच स्पिनर्स को मदद करेगी। उन्होंने कहा था रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल पिछली बार की तरह इस बार भी इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों के लिए मुसीबत बन सकते हैं.

Exit mobile version