Site icon Buziness Bytes Hindi

रालोद भी इंडिया गठबंधन से दूर, भाजपा से नज़दीकियां, सीटों पर बातचीत फाइनल

rlod

बिहार के बाद भाजपा उत्तर प्रदेश में भी इंडिया गठबंधन में बड़ी सेंध लगाने की तैयारी में है। समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली राष्ट्रीय लोकदल अब अखिलेश का साथ छोड़ भाजपा का हाथ पकड़ने की तैयारी में है. राजनीतिक गलियारों में चल रही ख़बरों के मुताबिक रालोद और भाजपा के बीच सीटों की भी बात फाइनल हो चुकी है और इस मोलभाव में जयंत चौधरी की पार्टी को भाजपा ने चार लोकसभा सीटें ऑफर की हैं.

जानकारी के मुताबिक कैराना, बागपत, मथुरा और अमरोहा सीटों पर भाजपा के साथ बात लगभग फाइनल हो चुकी है. कहा जा रहा है कि इस धमाकेदार खबर की घोषणा जयंत चौधरी खुद कल या परसों एक प्रेस वार्ता के माध्यम से करेगें। जानकारी के मुताबिक औपचारिक घोषणा के बाद रालोद के सभी विधायक अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे, उनका नेतृत्व विधानसभा स्पीकर सतीश महाना करेंगे।

जयंत चौधरी के भाजपा के साथ जाने की ख़बरों पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जयंत चौधरी इंडिया गठबंधन को कमज़ोर नहीं करेंगे। बता दें कि समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए रालोद के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सात सीटें छोड़ी हैं , इसकी घोषणा अखिलेश ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर की थी, इस पोस्ट में उन्होंने जयंत चौधरी के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की थी. कहा गया था कि दोनों पार्टियों में सीटों का समझौता हो गया है और आने वाले चुनाव में मिलकर भाजपा को हराएंगे। बता दें कि 2014 और 2019 के चुनावों में रालोद को लोकसभा चुनावों में कोई भी कामयाबी नहीं मिली थी.

Exit mobile version