आज की सुबह भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक बुरी खबर लेकर आयी. टीम इंडिया के विकेटकीपर और आक्रामक बल्लेबाज़ रिषभ पंत को आज सुबह उत्तराखंड में भयानक सड़क हादसे का सामना करना पड़ा. हादसा कितना भयानक था इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनकी मर्सिडीज़ कार पूरी जल गयी. ताज़ा जानकारी के अनुसार रिषभ पंत को खतरे से बाहर बताया जा रहा है लेकिन उनके शरीर पर गंभीर चोटें आयी हैं, इस वक्त रिषभ पंत को देहरादून के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
घना कोहरा और लापरवाई हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि भारतीय खिलाडी के साथ हुए हादसे के लिए घना कोहरा तो ज़िम्मेदार है ही लेकिन पंत की लापरवाई भी कम नहीं बताई जा रही है. हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ, उस वक्त ज़बरदस्त धुंध छाई हुई थी. गाड़ी पंत ही ड्राइव कर रहे थे. वो अपने घर रुड़की जा रहे थे. बताया जा रहा है कि गाड़ी चलाते समय शायद उनको झपकी आ गयी और इतने बड़े हादसे का सबब बनी. गाड़ी डिवाइडर की रेलिंग तोड़कर दूसरी तरफ जा गिरी। गाड़ी में फ़ौरन आग लग गयी. जानकारी के अनुसार हादसे के बाद हुए धमाके की आवाज़ सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो कार में आग लगी हुई थी. ग्रामीणों ने आग को बुझाया और पंत को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी गयी. वहीँ एक खबर यह भी है कि हादसे के बाद पंत ने अपने होश नहीं खोये और गाड़ी का शीशा तोड़कर बाहर निकले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंत को रुड़की के अस्पताल में एडमिट कराया लेकिन उनकी चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें देहरादून रेफर कर दिया गया.
फिलहाल खतरे से बाहर
मीडिया में हादसे की जो तस्वीरें आ रही हैं वो बड़ी भयानक हैं, कार पूरी तरह जलकर चुकी है, पंत के पैर में फ्रैक्चर की सूचना हैं वहीँ शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आयी हैं, पंत की पीठ पर भी कई घाव हैं और बर्न के निशान हैं, हालाँकि उनके सिर की चोट गंभीर नहीं है, डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल वो खतरे से बाहर हैं.
इलाज का पूरा खर्च उठाएगी धामी सरकार
इस पूरी घटना में पंत की लापरवाई सामने आयी है, सबसे बड़ा सवाल कि इतने बिगड़े मौसम में देर रात कार से सफर करने का जोखिम पंत ने क्यों लिया। हादसा सुबह पांच बजे हुआ, इसका मतलब है पंत तीन बजे के आसपास सफर के लिए निकले। एक तो खराब मौसम उसपर ड्राइव भी पंत कर रहे थे. पंत के साथ जिस तरह का हादसा हुआ है उसमें राहत की बात बस यही है कि उनकी जान बच गयी है वरना आम तौर पर ऐसे हादसों में बुरी खबर ही सुनने को मिलती है. पंत के साथ हुए हादसे के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने उनके पूरे इलाज का खर्च राज्य सरकार की तरफ से उठाने का एलान किया गया है. बता दें कि रिषभ पंत उत्तराखण्ड के रुड़की के रहने वाले हैं.
