Site icon Buziness Bytes Hindi

RIL ने राम मंदिर उद्घाटन का उत्सव मनाने के लिए किये ख़ास इंतज़ाम

mukesh ambani

रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी आज राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लेने अयोध्या पहुंचे। उनके साथ ही उनके बेटे आकाश अंबानी और उनकी पत्नी श्लोका भी थीं। बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर अपने कार्यालयों में छुट्टी घोषित की है। इसके साथ ही रिलायंस के परिसरों में बने मंदिरों में विशेष पूजा आयोजित की जा रही है। कंपनी ने जियो से जुड़े प्लेटफॉर्म्स पर समारोह का सीधा प्रसारण और अपनी खुदरा दुकानों में सभी आगंतुकों को दीये बांटने की व्यवस्था भी की है।

बता दें कि रिलायंस ग्रुप में चार लाख कर्मचारी काम करते हैं, कंपनी ने राम मंदिर के उद्घाटन का उत्सव मनाने के लिए सभी को छुट्टी दी है. सूत्रों के मुताबिक देश भर में रिलायंस कैंपस के विभिन्न मंदिर सोमवार को विशेष पूजा के साथ इस अवसर का जश्न मनाएंगे। इनमें मुंबई, जामनगर, दाहेज, नागोथाने, हजीरा, सिलवासा, हलोल, होशियारपुर, नागपुर, शहडोल, काकीनाडा और कई अन्य स्थानों पर स्थित रिलायंस फैसिलिटीज के मंदिर शामिल हैं।

इसके अलावा, रिलायंस जियो और रिलायंस रिटेल ने राम भक्तों तथा तीर्थयात्रियों के लिए कई विशेष सेवाएं शुरू की हैं। ग्रुप की दूरसंचार शाखा जियो ने अयोध्या में अपने ट्रू4जी और स्टैंडअलोन 5जी नेटवर्क को ‘अपग्रेड’ किया है। निर्बाध नेटवर्क के लिए शहरभर में अतिरिक्त टावर स्थापित किए हैं। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का दूरदर्शन के सहयोग से जियो टीवी, जियो टीवी+ और जियो न्यूज पर सीधा प्रसारण किया गया। इसके अलावा रिलायंस रिटेल पूरे अयोध्या में महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष रूप से ‘कियोस्क’ स्थापित किए हैं. अयोध्या में स्मार्ट बाजार तथा स्मार्ट पॉइंट स्टोर्स में आने वाले सभी आगंतुकों को दीये बांटे जाएंगे।

Exit mobile version