Site icon Buziness Bytes Hindi

जिला पंचायत अध्यक्षों की आरक्षण सूची जारी


जिला पंचायत अध्यक्षों की आरक्षण सूची जारी

कानपुर, औरैया, चित्रकूट सीट को किया एसी के लिए रिजर्व
12.50 करोड़ मतदाता करेंगे प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला

न्यूज डेस्क। उत्तर प्रदेश मेेें होने वाले त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिये जिला पंचायत अध्यक्षों की आरक्षण की सूची का इंतजार समाप्त हो गया है। जिला पंचायत अध्यक्षों की आरक्षण सूची जारी होने के बाद पंचायत चुनाव अब गति पकड़ लेंगे। वहीं अब राजनीतिक गलियारों में भी टिकट चाहने वालों की सरगर्मियां बढ़ जायेंगी। वहीं आयोग की ओर से वोट लिस्ट आॅनलाइन उपलब्ध करा दी गयीं हैं जहां से वोटर अपनी मतदाता पर्ची डाउनलोड कर सकते हैं।

इस बार होने वाले त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में लगभग 12.50 करोड़ मतदाता चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला करेंगे। आयोग ने मतदाता पहचान पत्र के साथ 16 तरह के अन्य पहचान पत्रों में से किसी भी एक के माध्यम से वोट डालने की सुविधा दी है। आयोग द्वारा चार दिसंबर को मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण की अधिसूचना जारी की गई थी। 22 जनवरी को ज्यादातर जिलों की मतदाता सूची का अंतिम रूप से प्रकाशन करने के बाद अब मतदाता सूची ऑनलाइन भी उपलब्ध करा दी गयी है।

त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जिला पंचायत अध्यक्षों की आरक्षण की सूची के अनुसार कानपुर नगर, औरैया, चित्रकूट, महोबा, झांसी, जालौन, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, और मिर्जापुर का जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है। शामली, बागपत ,लखनऊ, कौशांबी, सीतापुर, हरदोई का जिला पंचायत अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति स्त्रियों के लिए आरक्षित रखा गया है। वहीं संभल, हापुड़, एटा, बरेली, कुशीनगर, वाराणसी, बदायूं में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर अन्य पिछड़ा वर्ग स्त्री प्रत्याशी ही काबिज हो पायेगी। इसके अलावा आजमगढ़, बलिया, इटावा, फर्रुखाबाद, बांदा, ललितपुर, अंबेडकर नगर ,पीलीभीत ,बस्ती, संतकबीरनगर, चंदौली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।

कासगंज, फिरोजाबाद, मैनपुरी, मऊ, प्रतापगढ़, कन्नौज, हमीरपुर, बहराइच, अमेठी, गाजीपुर, जौनपुर, सोनभद्र में जिला पंचायत अध्यक्ष पद स्त्रियों के लिए आरक्षित किया गया है। अलीगढ़, हाथरस, आगरा, मथुरा, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर देहात, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, अयोध्या, सुल्तानपुर, शाहजहांपुर, सिद्धार्थनगर, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, उन्नाव, भदोही का जिला पंचायत अध्यक्ष पद अनारक्षित रखा गया है।

Exit mobile version