अक्सर ये देखा गया है कि डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा ऐसे व्यक्ति या प्रोजेक्ट के नाम से मैप को मंज़ूरी दे दी जाती है जो ज़मीन का असली मालिक नहीं है जबकि उत्तर प्रदेश रेरा अधिनियम के अनुसार प्रोजेक्ट की ज़मीन पर प्रोमोटर का मालिकाना हक जरूरी है। ज़मीन मालिक के नाम से ही नक्शा पास किया जा सकता है। रेरा के स्पष्ट आदेश हैं कि डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा ज़मीन मालिक के नाम से नक्शा स्वीकृत किया जाए और प्रोजेक्ट की OC या CC में अप्रूव्ड मैप के आधार पर ही विवरण लिखे जाएं। अब उत्तर प्रदेश रेरा ने बड़ा कदम उठाते हुए बिल्डर की मनमानी पर लगाम लगाईं है। रेरा ने बिल्डरों को ये निर्देश दिया है कि वह उसी नाम से अपने प्रोजेक्ट को रेरा रजिस्टर कराएं जिस नाम से परियोजना का मैप अथॉरिटी द्वारा अप्रूव्ड किया गया है। इसके साथ ही प्रोजेक्ट के ब्लॉक्स या टावर्स के नाम भी वहीँ लिखे जो प्रोजेक्ट के अप्रूव्ड मैप में मंज़ूर किया गया हो। रेरा में पंजीकृत प्रोजेक्ट के नाम से परियोजना का प्रचार-प्रसार करें।
उ.प्र. रेरा द्वारा अपर मुख्य सचिव, आवास तथा अपर मुख्य सचिव, औद्योगिक विकास विभाग को संदर्भ भेज कर उनसे अनुरोध किया है कि अपने विभाग के सक्षम प्राधिकरणों को इस आशय के निर्देश जारी कर दें। रेरा के इस आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रोमोटर द्वारा उ.प्र. रेरा में उसी नाम के साथ परियोजना पंजीकृत करायी जाएगी जिस नाम से विकास प्राधिकरण द्वारा परियोजना का मानचित्र स्वीकृत किया गया है और पंजीकृत परियोजना, टावर तथा ब्लॉक का नाम भी वही रखा जाएगा जो स्वीकृत मानचित्र में दिया गया है।
रेरा द्वारा यह देखा गया कि स्वीकृत मानचित्र तथा रेरा में पंजीकरण विवरण में परियोजना तथा ब्लॉक या टावर्स के नामों में भिन्नता होने के कारण परियोजना की ओ.सी. या सी.सी. से यह समझ पाना मुश्किल होता है कि प्रश्नगत ओसी या सीसी रेरा में पंजीकृत परियोजना के सम्बन्ध में है अथवा नहीं। परिणाम स्वरूप परियोजना की वास्तविक स्थिति को समझने या परियोजना के एकाउण्ट क्लोज़र के प्रार्थना-पत्र पर निर्णय लेने में कठिनाईयां होती हैं। यह भी देखा गया है कि प्रोमोटर्स द्वारा परियोजना के रेरा नाम से भिन्न नामों से भी मार्केटिंग की जाती है। उन्हें अब आदेश दे दिए गए हैं कि जिस नाम से परियोजना पंजीकृत है तथा रेरा में टावर या ब्लॉक के जो भी नाम दिए गए हैं, प्रोमोटर्स उसी नाम से परियोजना की मार्केटिंग करें।
