प्रदेश में 981 नये कोरोेना संक्रमित मिले, 36 मरीजों की मौत
2062 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से डिस्चार्ज किया
देहरादून। कोरोना के कोप से उत्तराखंड को राहत मिलती जा रही है। दिन-प्रतिदिन कोरोना संक्रमण और इसके कारण होने वाली मौतों की संख्या में कमी आ रही है। मंगलवार को प्रदेश में 981 नये कोरोेना संक्रमित मिले हैं। आज 36 मरीजों ने संक्रमण के कारण जान गंवाई है। आंकड़ो के अनुसार 51 दिन गुजरने के बाद राज्य में नये कोरोना मरीजों का आंकड़ा एक हजार से कम रहा है। वहीं नये संक्रमितों के मुकाबले दोगुने मरीजों ने कोरोना को मात दी है।
मंगलवार को स्वास्थ विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार देहरादून में 279, अल्मोड़ा में 137, हरिद्वार में 117, नैनीताल में 113, चमोली में 93, ऊधमसिंह नगर में 58, बागेश्वर में 42, पौड़ी में 32, उत्तरकाशी में 28, पिथौरागढ़ में 26, टिहरी में 25, रुद्रप्रयाग में 18, चंपावत जिले में 13 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं।
आज मिले 981 संक्रमितों के मुकाबले 2062 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। राज्य में संक्रमितों की संख्या अब 330475 हो गई है। अब तक प्रदेश में 6497 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है और 290990 मरीज संक्रमण से स्वस्थ हो गये हैं। राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या भी 27216 हो गयी है। कोरोना रिकवरी दर बढ़कर 88.05 प्रतिशत और संक्रमण दर घटकर 6.85 प्रतिशत हो गयी है।
उत्तराखंड में मैदानी क्षेत्रों की तुलना में पहाड़ों में कोरोना संक्रमण दर अधिक होने से स्वास्थ विभाग चिंतित है। पिछले सात दिनों में चार पर्वतीय जिलों की संक्रमण दर 10 प्रतिशत अधिक दर्ज की गई। मैदानी जिले देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले में नए कोरोेना मरीज कम मिल रहे हैं।

