- दो लाख से अधिक हो गयी प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या
- राजधानी देहरादून में सर्वाधिक 2789 नये कोरोना संक्रमित मिले
देहरादून। उत्तराखंड में कोराना का प्रसार रूकने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को प्रदेश में रिकार्ड 7028 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं आज 85 मरीजों ने कोरोना के कारण जान गंवा दी है। प्रदेश में अब तक 2 लाख चार हजार 51 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। राजधानी देहरादून में सर्वाधिक 2789 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं।
मंगलवार को स्वास्थ विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड में मंगलवार को 7028 नए संक्रमित मिलने के बाद प्रदेश में अब तक 2 लाख चार हजार 51 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। वर्तमान में राज्य में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या भी 56627 हो गई है। मंगलवार को भी देहरादून जिले में सर्वाधिक 2789 नये कोरोना मरीज मिले हैं। वहीं, हरिद्वार जिले में 657, नैनीताल में 819, ऊधमसिंह नगर में 833, पौड़ी में 513, टिहरी में 200, रुद्रप्रयाग में 135, पिथौरागढ़ में 231, उत्तरकाशी में 153 , अल्मोड़ा में 170, चमोली में 150 , बागेश्वर में 215 और चंपावत में 163 नये कोरोना संक्रमित मिले है। बढ़ते कोरोना संक्रमण के साथ राज्य में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 279 हो गई है।
कोरोना संक्रमित उत्तराखंड क्रांतिदल के वरिष्ठ नेता व राज्य आंदोलनकारी अवतार सिंह राणा (75) का आज निधन हो गया। चार दिन पूर्व जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती अवतार सिंह राणा ने मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। वहीं रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चैधरी कोरोना पाॅजिटिव हो गए हैं। भरत सिंह चैधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके संपर्क में आने वाले लोगों से कोरोना जांच कराने की अपील की है।

