जानलेवा होते जा रहे कोरोना ने आज छीन ली 13 संक्रमितों की जिंदगी
प्रयागराज , कोरोना संक्रमण से जुझ रहे प्रयागराज के लिये मंगल भी भारी रहा और आज रिकार्ड 2176 नये कोरोना मरीज मिले हैं। वहीं जिले मेें जानलेवा होते जा रहे कोरोना ने आज 13 संक्रमितों की जिंदगी छीन ली। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या से प्रशासन चिंतित है और मरीजों को बुनियादी उपचार दिला पाने में भी नाकाम साबित हो रहा है।
प्रयागराज में मंगलवार को 2176 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 54339 हो गया है। वहीं जिले में अब कोरोना एक्टिव केस 16379 हो गये हैं। आज 1734 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया जिन्हें मिलाकर कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 37431 हो गया है। वहीं आज 13 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 529 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी)
कोरोना के संक्रमण से निजात दिलाने वाली दवाइयों के खुले में बेचे जाने पर रोक लगाते हुए प्रशासन सीमित दुकानों का चयन कर वहीं इन दवाओं को बेचे जाने की इजाजत देगा। यह स्थान चिन्हित होने तक कोरोना का मुकाबला करने में सक्षम दवाओं की बिक्री पर रोक रहेगी। प्रशासन ने दवा डिस्ट्रीब्यूटरों के पास मौजूद स्टाॅक जब्त कर लिया है। औषधि विभाग अधिकारियों के अनुसार अब गाइडलाइन के मुताबिक दवाएं मिलेंगी और बाहरी मरीजों को दवा लेने के लिये पर्चा दिखाना होगा। वहीं ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए तेलियरंगज के औद्योगिक क्षेत्र में आॅक्सीजन का नया प्लांट लगाये जाने की तैयारियां चल रही हैं। प्लांट में प्रतिदिन बनने वाली 500 सिलेंडर ऑक्सीजन आम लोगों को दी जाएगी।

