Site icon Buziness Bytes Hindi

कांगो में विद्रोहियों का हमला, 25 लोगों की मौत


कांगो में विद्रोहियों का हमला, 25 लोगों की मौत

किंशासा: कांगो के पूर्वी बेनी क्षेत्र में नववर्ष की पूर्व संध्या पर विद्रोहियों के हमले में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गयी। स्थानीय अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में बताया।

बेनी क्षेत्र में गवर्नर के प्रतिनिधि सबिति निजामोजा ने बताया कि तिंगवे गांव में किसानअपने खेतों में काम कर रहे थे उसी दौरान अलाइड डेमोक्रेटिक फोर्स (एडीएफ) के विद्रोहियों ने यह हमला किया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने कुछ शव झाड़ियों से बरामद किए।

स्थानीय नागरिक संस्था के प्रतिनिधि ब्रावो मुहिंदो ने 25 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की और कहा कि कई लोगों के सिर कलम कर दिए गए थे। कुछ लोगों को अगवा भी किया गया। एडीएफ के हमले की आशंका के चलते बेनी और आसपास के गांवों के निवासी सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे थे।

इस्लामिक स्टेट समूह ने दावा किया है कि कुछ हमलों में एडीएफ के लड़ाकों की भूमिका थी। कांगो की सेना ने पिछले साल विद्रोहियों के खिलाफ अभियान शुरू किया था और उसके बाद से कई विद्रोहियों ने पूर्वी कांगो में पनाह ली थी। पूर्वी कांगो खनिज संपन्न क्षेत्र है, जहां कई सशस्त्र समूहों के बीच दबदबा बनाने को लेकर लड़ाई चलती रहती है।

Exit mobile version