भारतीय रिजर्व बैंक को शुक्रवार को उसके मुंबई कार्यालय को निशाना बनाकर बम की धमकी वाला ईमेल मिला। यह ईमेल रूसी भाषा में लिखा गया था और इसे RBI के नवनियुक्त गवर्नर संजय मल्होत्रा की आधिकारिक आईडी पर भेजा गया था। मुंबई पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में मुंबई पुलिस के जोन 1 डीसीपी ने कहा, कि भारतीय रिजर्व बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर एक धमकी भरा ईमेल मिला है। ये ईमेल रूसी लैंग्वेज में था, ईमेल में रिज़र्व बैंक को बम उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस मामले में माता रमाबाई मार्ग पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू की गयी है.
गौरतलब है कि यह घटनाक्रम उसी दिन हुआ है जब दिल्ली के 16 निजी स्कूलों को बम की धमकी मिली थी, जिसके बाद कई एजेंसियों ने उनके परिसर की तलाशी ली थी। ईस्ट ऑफ कैलाश में दिल्ली पब्लिक स्कूल, सलवान स्कूल, मॉडर्न स्कूल और कैम्ब्रिज स्कूल जैसे स्कूल निशाने पर थे।
आरबीआई को बम से उड़ाने की धमकी वाला यह मेल संजय मल्होत्रा के आरबीआई के 26वें गवर्नर के रूप में पदभार ग्रहण करने के कुछ ही दिनों बाद आया है। उन्होंने शक्तिकांत दास का स्थान लिया है, जिन्होंने हाल ही में अपना छह वर्ष का कार्यकाल पूरा किया है।
