सियासत का माहौल जेवर के बाद माठ और बिजनौर सदर सीट पर प्रत्याशी बदलने से हैरान हुए हर दल के नेता
मेरठ। उत्तर प्रदेश के चुनावी संग्राम में गुरुवार को मौसम की ठंडक के बीच सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया। वेस्ट यूपी में गठबंधन के तीन उम्मीदवार बदले जाने की खबरों के बीच गठबंधन में रार की अफवाह तेजी से वायरल हो रही है। गठबंधन में अलग-अलग उम्मीदवार सामने आने से न सिर्फ पार्टी के नेता सकते में है, बल्कि गैर सपाई और रालोद के नेता भी हैरान है।
गुरुवार देर शाम रालोद ने बिजनौर सदर सीट पर डॉक्टर नीरज चौधरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया। बाकायदा डॉक्टर नीरज चौधरी को रालोद राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की ओर से पार्टी का चुनाव चिन्ह दिया गया। लेकिन इसी बीच सपा के वरिष्ठ नेता रमेश तोमर ने सपा से बिजनौर सदर सीट के लिए चुनावी सिंबल मिलने का दावा किया। इससे जिले का ही नहीं आसपास का चुनावी माहौल गठबंधन में रार की अफवाह में बदल गया।
Read also: चुनावी राज्यों में कांग्रेस हिंदुत्व के बाद राष्ट्रवाद का मुद्दा उठाएगी
राजनीतिक पंडितों की माने तो अफवाहों को बल मथुरा जिले की माठ सीट पर सपा की ओर से सपा नेता संजय लाठर कों चुनाव चिन्ह दिए जाने पर अधिक बल मिला। संजय लाठर से पहले रालोद माठ में अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। रालोद उम्मीदवार पर नामांकन वापसी लेने का दबाव बनाने की बात कही जा रही है। इससे कुछ घंटों पहले जेवर विधानसभा सीट पर उम्मीदवार बदल नहीं खबरें लोगों की जुबान पर आ गई।
रालोद ने इंद्र वीर भाटी को जेवर विधानसभा सीट से अपना नया उम्मीदवार घोषित किया है। इंद्रवीर सिंह भाटी, पेशे से अधिवक्ता हैं। वह बार एसोसिएशन से पदाधिकारी भी रहे हैं। इंद्रवीर सिंह भाटी ने 2021 में बसपा छोड़ आरएलडी ज्वाइन की थी। इंद्रवीर सिंह भाटी भी गुज्जर समाज से आते हैं।
भड़ाना बीमार है या किया खेला
गुरुवार की दोपहर अचानक अवतार सिंह भड़ाना के चुनाव न लड़ने की खबर सोशल मीडिया में प्रसारित होने लगी। यह जानकारी उनके वकील ने मीडिया से शेयर की। उन्होंने बताया कि कोविड के चलते अवतार सिंह भड़ाना आइसोलेशन में हैं। उन्होंने यह फैसला लिया है कि लोगों की सुरक्षा के लिए वह इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि प्रक्रिया के तहत वह अपना नामांकन वापस लेंगे। आरएलडी प्रवक्ता रोहित अग्रवाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अवतार सिंह भड़ाना कोविड पॉजिटिव हैं इसलिए चुनाव नहीं लड़ेंगे।
Read also: सपा के घर में भाजपा की सेंधमारी, मुलायम के रिश्तेदार प्रमोद गुप्ता भाजपा में शामिल
दरअसल सपा-आरएलडी गठबंधन ने 13 जनवरी को 29 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट में जेवर से अवतार सिंह भड़ाना को टिकट दिया था। हाल ही में वे भाजपा को छोड़कर रालोद में गए थे। आरएलडी में शामिल होते समय अवतार सिंह भड़ाना ने कहा था कि पश्चिम से जो हवा चलेगी वो पूरब तक जाएगी। कुछ दिन पहले वह ट्रैक्टर पर सवार होकर पर्चा दाखिल करने गए थे। अवतार सिंह भड़ाना चार बार सांसद रह चुके हैं। वर्तमान में वह मीरापुर से विधायक हैं। 12 जनवरी को वह भाजपा छोड़कर लोकदल में शामिल हो गए थे। आरएलडी ने उन्हें गौतमबु्द्धनगर की जेवर सीट से उम्मीदवार बनाया था। नामांकन के बाद उन्होंने सरकार पर मनमानी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने सपा-आरएलडी गठबंधन को मजबूत बताते हुए भरोसा जताया था कि गठबंधन यूपी में बहुमत की सरकार बनाएगा।

