Site icon Buziness Bytes Hindi

इंदौर में राम मंदिर निर्माण रैली पर उपद्रव, 27 गिरफ्तार, चार पर धारा 307 लगी


इंदौर में राम मंदिर निर्माण रैली पर उपद्रव, 27 गिरफ्तार, चार पर धारा 307 लगी

इंदौर: अयोध्या में राम जन्मभूमि पर मंदिर के निर्माण को लेकर इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में निकाली गई वाहन रैली पर पथराव और उपद्रव के मामले में 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बीते मंगलवार के इस घटनाक्रम में कम से कम पांच लोग घायल हो गए थे।

चार लोग धारा 307 के तहत गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) महेशचंद्र जैन ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर चांदनखेड़ी गांव में वाहन रैली पर पथराव के मामले में 23 लोगों को बलवा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि चार अन्य व्यक्ति भारतीय दंड विधान की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत गिरफ्तार किए गए हैं।

एक-दूसरे पर गोलीबारी का आरोप
पुलिस अधीक्षक ने बताया, “उपद्रव के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलीबारी का आरोप भी लगाया है। इस दौरान एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी थी।” उन्होंने बताया कि पथराव और उपद्रव को लेकर दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल चार आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें से दो मामलों में आरोपी अज्ञात हैं, जिनकी पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि करीब 1,400 की आबादी वाले चांदनखेड़ी गांव में वाहन रैली पर पथराव की सूचना मिलने पर वहां मंगलवार को ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।

Exit mobile version