Site icon Buziness Bytes Hindi

दिल्ली में बारिश बनी आफत, दो बच्चो समेत तीन की मौत

delhi

दिल्ली में पिछले 2 दिनों से हो रही बारिश राहत की जगह आफत बन गई है. भारी बारिश के बाद अलग-अलग जगहों पर हुए दो हादसों में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक पहला हादसा दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले के बादली थाना अंतर्गत सिरसापुर में हुआ जहां दो बच्चे अंडरपास में बारिश के पानी में खेलने गए थे. लेकिन वे बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूब गए, पुलिस ने दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं. दूसरा हादसा दिल्ली के ओखला में हुआ जहां अंडरपास में हुए जलभराव में डूबने से 60 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई. ओखला अंडरपास में 24 घंटे से ज्यादा समय से पानी भरा हुआ है और इसे निकालने का कोई इंतजाम नहीं किया गया है.

पुलिस के मुताबिक बादली की घटना दोपहर 2:30 बजे की है. पुलिस ने बताया कि मेट्रो के पास अंडरपास में करीब 2.5-3 फीट पानी भरा हुआ था. दमकल विभाग ने जब तलाशी अभियान चलाया तो दो बच्चों के शव बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि दो बच्चों को अंडरपास से निकालकर जग जीवन राम अस्पताल ले जाया गया। बादली के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध डूबने का लग रहा है।

दिल्ली के ओखला अंडरपास में जलभराव के कारण मरने वाले बुजुर्ग की पहचान 60 वर्षीय दिग्विजय चौधरी के रूप में हुई है। बारिश के बाद ओखला अंडरपास के नीचे 4 फीट तक पानी भर गया है. ओखला अंडरपास में 24 घंटे से ज्यादा समय से जलभराव है. अंडरपास में भरे पानी में डूबने से बुजुर्ग की मौत की पुष्टि साउथ ईस्ट जिले के डीसीपी राजेश देव ने की है.

पुलिस ने बताया कि 28 जून को भी उत्तर-पूर्वी दिल्ली में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में खेलते समय दो बच्चों की मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लड़कों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, 28 जून को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में पानी से भरे अंडरपास में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक आजादपुर मंडी में मजदूर था, लेकिन अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कुल 228.1 मिमी बारिश हुई है, जो जून में राजधानी में दर्ज की गई सबसे अधिक बारिश है.

Exit mobile version