राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या पर अब सियासत टेक्स हो गयी है. दशहरे के मौके पर कल वैसे भी दोनों शिवसेना एक दूसरे पर हमलावर थीं लेकिन अब कांग्रेस पार्टी को भी सत्ताधारी महायुति सरकार पर हमला बोलने का मुका मिल गया है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गाँधी ने बाबा सिद्दीक़ी की हत्या को लेकर सरकार पर हमला किया है. बता दें कि बाबा सिद्दीक़ी चार दशक से भी ज़्यादा कांग्रेस पार्टी के नेता थे लेकिन इसी साल फरवरी में ही वो अजित पवार वाली एनसीपी में शामिल हो गए थे.
राहुल गांधी ने बाबा सिद्दीकी की हत्या को यह भयावह घटना बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और न्याय होना चाहिए। वहीँ कर्नाटक के कलबुर्गी में संवाददाताओं से बातचीत में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैं लगातार कह रहा हूँ कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है, जान का खतरा होने के बावजूद पुलिस ने उनकी सुरक्षा नहीं की, यह प्रशासन की ओर से बहुत बड़ी चूक है। अगर सरकार ऐसी चीजों का ध्यान नहीं रखती है तो इसका मतलब है कि वे ऐसी घटनाओं की उपेक्षा कर रही है।”
पूर्व लोकसभा सदस्य प्रिया दत्त (सुनील दत्त की बेटी) ने भी एनसीपी नेता की हत्या पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा सिद्दीकी की दुखद मौत की खबर ने मुझे झकझोर दिया है। बाबा सिर्फ एक राजनीतिक सहयोगी नहीं थे, बल्कि वे परिवार के सदस्य थे। मेरे पिता के लिए बाबा सिद्दीकी एक बेटे की तरह थे और मेरे लिए वे एक भाई और एक प्यारे दोस्त थे। मेरे पिता की राजनीतिक यात्रा के दौरान और उसके बाद भी वे हमेशा उनके साथ खड़े रहे।
इस बीच, एनसीपी ने सिद्दीकी की हत्या पर आज के लिए निर्धारित सभी पार्टी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। बाबा सिद्दीकी अपनी भव्य इफ्तार पार्टियों के लिए जाने जाते थे, वह बांद्रा पश्चिम से कांग्रेस पार्टी से तीन बार विधायक रहे हैं.
