- केंद्रीय मंत्री ने वायरल वीडियो को शेयर कर राहुल गांधी को दी चुनौती
- राजस्थान के प्रेमपुरा गांव में दलित युवक की पीट-पीट कर की गयी हत्या
हनुमानगढ। राहुल जी, आप राजस्थान के प्रेमपुरा में दलित युवक की हत्या पर कुछ कहने की हिम्मत दिखायें ताकि जनता को मालूम हो सके की आप कितने सच्चे हैं। राजस्थान के हनुमानगढ़ के प्रेमपुरा गांव में एक दलित युवक की पीट-पीटकर की गयी हत्या के वीडियो को ट्वीट करते हुए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राहुल गांधी के दलित प्रेम पर तंज कसा है।
सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो 7 अक्टूबर का बताया जा रहा है। राजस्थान के हनुमानगढ़ के प्रेमपुरा गांव में रहने वाले दलित युवक जगदीश को कुछ युवक लाठियों से पीटते नजर आ रहे हैं। उसे जमीन पर गिराकर एक युवक ने उसकी गर्दन अपने घुटने से दबा रखी है तो दूसरा युवक उसके पैरों पर खड़ा है। कुछ युवक जगदीश पर ताबड़तोड़ लाठी बरसा रहे हैं और जगदीश उनसे जान बख्शने की गुहार लगा रहा है। जगदीश को पीटने वाले उसे पानी भी पिलाते और थोड़ी देर बाद फिर से लाठियों से पीटना शुरू कर देते। जगदीश की पिटाई का वीडियो भी बनाया गया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जगदीश की हत्या के बाद उसका शव उसके घर के बाहर फेंक दिया गया।
Read also: राहुल गांधी एयरपोर्ट से लखीमपुर खीरी के लिए रवाना
दलित युवक की हत्या से आक्रोशित परिवार ने दो दिन तक जगदीश के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आयी पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शनिवार को पीड़ित परिवार के हंगामे के बाद चैतरफा दबाव से घिरी पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। हनुमानगढ़ पुलिस का कहना है कि जगदीश की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते हुए विवाद में की गई है।
दलित युवक ही हत्या का वीडियो ट्वीट कर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राहुल गांधी से दलित युवक की हत्या पर कुछ बोलने की चुनौती दी है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सीधे तौर पर संबोधित करते हुए कहा है कि लखीमपुर की चिंता आप न करें वहां योगी जी का शासन है, आपके प्रिय गहलोत जी का नहीं। शेखावत ने कहा, राहुल जी आप इस दलित युवक की हत्या पर कुछ बोलने की हिम्मत दिखायें ताकि जनता को आपकी सच्चाई मालूम हो सके।
Read also: राहुल गांधी के साथ भूपेश बघेल और चन्नी लखीमपुर रवाना होंगे (लीड-1)
गौरतलब है कि पंजाब में दलित नेता चरणजीत चन्नी को मुख्यमंत्री बनाकर वाहवाही लूटने वाली कांग्रेस अब दलित वोटर्स पर फोकस कर रही है। इसी क्रम में उत्तराखंड में अगला सीएम दलित नेता को बनाने की मांग भी उठायी गयी। वहीं प्रियंका गांधी वाल्मीकि मंदिर में सफाई कर दलित प्रेम जाहिर कर रही हैं। मगर राजस्थान में दलित युवक की नृशंस हत्या को लेकर वहां की गहलोत सरकार ही नहीं बल्कि कांग्रेस नेतृत्व भी जवाब देने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में इस हत्याकांड को उठाकर भाजपा ने कांग्रेस के लिये मुश्किल खड़ी करनी शुरू कर दी हैं।

